Site icon Khabribox

अल्मोड़ा: बारिश से रानीधारा क्षेत्र में लोगों के घरों में घुसा मलवा, स्थानीय लोगों के साथ सभासद अमित साह ने नगरपालिका और प्रशासन के खिलाफ किया प्रदर्शन

अल्मोड़ा जिले से जुड़ी खबर सामने आई है। बीते दिन लगातार तेज बारिश से रानीधारा क्षेत्र में लोगों के घरों में मलवा घुस गया। जिससे गुस्साए लोगों ने रानीधारा नौले के पास एकत्रित होकर सभासद अमित साह मोनू के नेतृत्व में नगरपालिका और प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया‌। इस अवसर पर स्थानीय लोगों ने नगरपालिका और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

बारिश से रानीधारा क्षेत्र में लोगों के घरों में घुस रहा है पानी

सभासद अमित साह मोनू ने कहा कि हर बारिश में रानीधारा क्षेत्र में लोगों के घरों में मलवा घुस रहा है लेकिन नगरपालिका और प्रशासन के द्वारा कोई भी कार्यवाही नहीं की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर वे पूर्व में बोर्ड बैठक का भी बहिष्कार कर चुके हैं लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। उन्होंने कहा कि अगर स्थिति ऐसी ही बनी रही तो कभी भी तेज बारिश में रानीधारा की हालत जोशीमठ जैसी हो सकती है।

प्रशासन द्वारा ठोस कदम नहीं उठाने पर आन्दोलन को होंगे बाध्य

सभासद साह ने कहा कि नगरपालिका और प्रशासन यदि अब भी जनहित में कोई ठोस कदम नहीं उठाया तो उन्हें जनता को साथ लेकर वृहद आन्दोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि जनता द्वारा निर्वाचित जनप्रतिनिधि भी इस मुद्दे पर आंखें मूंदे बैठे हैं जो सोचनीय विषय है।

लोगों द्वारा फेंकी गई मिट्टी बन रही है मलवे का कारण

मौके पर पहुंचे नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी भरत त्रिपाठी ने कहा कि रानीधारा के ऊपरी हिस्से में कुछ लोगों द्वारा फेंकी गई मिट्टी इस मलवे का कारण बन रही है। उन्होंने बताया कि नगरपालिका की टीम लगातार मलवा हटाने एवं मिट्टी साफ करने के काम में लगी है।

उपस्थित रहे

इस अवसर पर एन टी वार्ड के सभासद सौरव वर्मा भी मौजूद रहे। सभाषद के नेतृत्व में प्रदर्शन करने वालों में हरीश जोशी,विमला मठपाल,कमला दरमवाल,कौशल सक्सेना,राबिन भण्डारी,राज वर्मा,डी सी उप्रेती, हर्षवर्धन तिवारी,रमेश चन्द्र जोशी, बी.पी.डंगवाल,विजय साह सहित दर्जनों लोग उपस्थित रहे।

Exit mobile version