Site icon Khabribox

अल्मोड़ा: नदियों में कूड़ा फेंका तो कटेगा चालान: कोसी और रामगंगा संरक्षण को लेकर डीएम सख्त, फ्लड प्लेन जोन की निगरानी करेंगे नोडल अफसर

​अल्मोड़ा: अल्मोड़ाजिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में आज गुरुवार को जिला गंगा सुरक्षा समिति की एक बैठक आयोजित की गई।

बैठक का आयोजन

इस बैठक का मुख्य केंद्र कोसी और रामगंगा नदियों का संरक्षण, नदी क्षेत्रों की स्वच्छता और इनमें बढ़ते प्रदूषण की रोकथाम करना रहा। इस बैठक के दौरान दोनों नदियों के फ्लड प्लेन जोन से जुड़ी रिपोर्टों की गहन समीक्षा की गई और इन क्षेत्रों की निगरानी के लिए जल्द ही नोडल अधिकारी नामित करने पर चर्चा हुई। जल संस्थान और पेयजल निगम के अधिकारियों ने बख और पांडे खोला स्थित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) के उन्नयन तथा चल रहे सीवरेज नेटवर्क के कार्यों की प्रगति से जिलाधिकारी को अवगत कराया।

​स्वच्छता पर सख्ती

​जिलाधिकारी ने नदी किनारों पर ठोस अपशिष्ट के सही तरीके से निस्तारण और हर हाल में स्वच्छता बनाए रखने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कूड़ा संग्रहण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने, पुराने कचरे के निस्तारण में तेजी लाने तथा शहर की जल निकासी व्यवस्था को सुधारने पर जोर दिया। साथ ही कचरा फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश देते हुए जिला पंचायत राज विभाग को सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंकने वालों को पहले नोटिस देने और न मानने पर चालान काटने के आदेश दिए गए। इसके साथ ही नगर निगम को सभी वार्डों में विशेष जागरूकता अभियान चलाने और अधिकारियों को खुद इसमें भाग लेकर जनता को स्वच्छता व नदी संरक्षण के प्रति जागरूक करने को कहा गया।

​की समीक्षा

​बैठक में स्वजल विभाग द्वारा सोक पिट निर्माण की प्रगति और जिले में जैविक व प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के कार्यों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय बनाकर नदी संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े सभी कार्यों को तय समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।
​
रहें मौजूद

इस बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी अभिमन्यु सिंह, मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा, गंगा सुरक्षा समिति की परियोजना अधिकारी रंजीता समेत विभिन्न विभागों के प्रमुख अधिकारी मौजूद रहे।
​

Exit mobile version