Site icon Khabribox

अल्मोड़ा: मां चंद्रघंटा के जयकारों से गूंजे दुर्गा पंडाल, शारदीय नवरात्र के तीसरे दिन सुबह से ही मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़


​
​
अल्मोड़ा: सांस्कृतिक नगरी अल्मोड़ा में शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर चारों ओर भक्ति का माहौल बना हुआ है। नवरात्र के तीसरे दिन मंगलवार को मां दुर्गा के तीसरे स्वरूप ‘मां चंद्रघंटा’ की पूजा-अर्चना के लिए सुबह से ही नगर के प्रसिद्ध मंदिरों और दुर्गा पंडालों में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।
​

श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़

इस पावन अवसर पर श्रद्धालुओं ने उपवास रखकर मंदिरों और अपने-अपने घरों में सुंदरकांड का पाठ और भजन-कीर्तन आयोजित किए। नगर के खत्याड़ी, मालरोड स्थित चौघानपाटा, लाला बाजार, गंगोला मोहल्ला, धारानौला, न्यू इंद्रा कॉलोनी (खत्याड़ी), राजपुरा, लक्ष्मेश्वर और ढुंगाधारा आदि क्षेत्रों में स्थापित दुर्गा पूजा महोत्सवों में विशेष धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए गए। मालरोड स्थित चौघानपाटा में आयोजित भव्य दुर्गा महोत्सव में मुख्य शास्त्री राजेश जोशी एवं उनके सहयोगी केवलानंद भट्ट के सानिध्य में विधि-विधान से वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां चंद्रघंटा का पूजन संपन्न हुआ। इसके पश्चात आयोजित भजन संध्या में वृंदावन से पधारे सुप्रसिद्ध भजन गायक मोहित खंडूरी और अनिल रावत ने एक से बढ़कर एक मां भगवती की भेंटें और भजन प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। देर रात तक चले इस भक्ति कार्यक्रम में श्रद्धालु झूमते-गाते नज़र आए। नगर के अन्य पूजा पंडालों में भी स्थानीय महिला मंगल दलों और कीर्तन मंडलियों द्वारा पारंपरिक कुमाऊंनी भजन-कीर्तनों की प्रस्तुति दी गई।

Exit mobile version