Site icon Khabribox

अल्मोड़ा: बुजुर्ग को डिजिटल अरेस्ट कर ठगे सात लाख से अधिक रूपए, अवैध लेन-देन के नाम पर डराया

अल्मोड़ा से जुड़ी खबर सामने आई है। अल्मोड़ा में विकासखंड लमगड़ा में एक बुजुर्ग के साथ डिजिटल अरेस्ट कर ठगी करने का मामला सामने आया है।

जानें क्या है मामला

मिली जानकारी के अनुसार लमगड़ा ब्लॉक के बर्गला अनुली निवासी बुजुर्ग जीवन मेहता ने लमगड़ा थाने में तहरीर सौंपी। जिसमे उन्होंने बताया कि बीते 11 जनवरी को उन्हें एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप पर वीडियो कॉल आई और बताया गया कि उनका फोन दो घंटे के लिए बंद हो जाएगा। बताया कि उनके खिलाफ दिल्ली में अशोक गुप्ता मनीलॉन्ड्रिंग मामले में शिकायत दर्ज हुई है। इसके बाद स्वयं को दिल्ली पुलिस क्राइमब्रांच का अधिकारी बताकर राकेश कुमार नामक व्यक्ति ने बात की। जिसके बाद उन्हें 30 घंटे तक डिजिटल बंधक बनाए रखा। कहा कि अशोक गुप्ता ने एचडीएफसी बैंक में मेरे नाम से खाता खोला है। जिसमें 6.38 करोड़ रुपये का अवैध लेन-देन हुआ है। अशोक गुप्ता मनीलॉन्ड्रिंग केस में 328 लोग शामिल हैं। कहा कि मुख्य आरोपी अशोक गुप्ता सहित 116 लोग गिरफ्तार हो चुके हैं। बात किसी से साझा करने पर जान-माल का खतरा हो सकता है। इसके बाद उनकी सीबीआई ऑफिसर से बात कराई गई। आरोपियों ने बुजुर्ग को डरा धमकाकर 7.20 लाख रुपये ठग लिए ।

जांच शुरू

ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने पुलिस में तहरीर दी। पीड़ित बुजुर्ग की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Exit mobile version