अल्मोड़ा: अल्मोड़ा में पुरानी पेंशन योजना (OPS) की बहाली और सरकारी विभागों में बढ़ते निजीकरण के विरोध में आज रविवार को रैमजे इंटर कॉलेज में पुरानी पेंशन बहाली राष्ट्रीय आंदोलन (NMOPS) की जिला स्तरीय बैठक आयोजित हुई।
बैठक का आयोजन
इस बैठक में कर्मचारियों ने अपने हक के लिए एकजुटता का आह्वान करते हुए आगामी 13 सितंबर को देहरादून में प्रस्तावित विशाल ‘पेंशन मार्च’ और मुख्यमंत्री आवास घेराव कार्यक्रम को सफल बनाने का संकल्प लिया। इस मौके पर बैठक की अध्यक्षता करते हुए NMOPS के जिलाध्यक्ष गणेश भंडारी ने कहा कि पुरानी पेंशन कोई भीख नहीं, बल्कि कर्मचारियों के सुरक्षित भविष्य का अधिकार है। जीवन के बेहतरीन वर्ष सरकारी सेवा में देने के बाद कर्मचारियों को बुढ़ापे में आर्थिक असुरक्षा के साये में छोड़ना पूरी तरह अन्यायपूर्ण है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक पुरानी पेंशन बहाल नहीं हो जाती, संगठन का संघर्ष जारी रहेगा। कार्यक्रम में पहुंचे पूर्व दर्जा राज्य मंत्री पूरन सिंह रौतेला ने कर्मचारियों की मांगों का खुलकर समर्थन किया।
सितंबर में होगी बैठक
इस मौके पर निर्णय लिया गया कि देहरादून कूच की तैयारियों की समीक्षा के लिए अगली महत्वपूर्ण बैठक 6 सितंबर को चौखुटिया में आयोजित की जाएगी।
रहें मौजूद
इस अवसर पर जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष पंकज पांडे, मीडिया प्रभारी नितेश काण्डपाल, जीवन साह, रमेश दानू, बसंत पांडेय, महेश आर्या, दिनेश तिवारी समेत विभिन्न विभागों के शिक्षक व कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।