अल्मोड़ा: अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, जिला कार्यकारिणी अल्मोड़ा की एक अहम बैठक आज 07 अक्टूबर 2026 को नन्दा देवी परिसर में आयोजित की गई।
बैठक का आयोजन
इस बैठक में जिले के अनेक पूर्व सैनिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। बैठक के दौरान परिषद के पूर्व सचिव सूबेदार श्याम सिंह पिलख्वाल का माला पहनाकर स्वागत किया गया तथा परिषद की सदस्यता ग्रहण करने पर सूबेदार श्याम सिंह का भी अभिनंदन किया गया। बैठक में पूर्व सैनिकों ने जनहित और क्षेत्र की समस्याओं को लेकर कई महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए।
1. जलमूल्य वृद्धि वापस लेने की मांग: जल संस्थान द्वारा हर वर्ष जलमूल्य में की जा रही वृद्धि पर गहरा असंतोष व्यक्त किया गया। पूर्व सैनिकों ने कहा कि जल संस्थान द्वारा जनभावनाओं को दरकिनार कर बढ़ाई गई जल दरों को तुरंत वापस लिया जाए।
2. अल्मोड़ा में जाम और पार्किंग की समस्या: अल्मोड़ा शहर में आए दिन लगने वाले ट्रैफिक जाम से राहत के लिए ‘वन-वे व्यवस्था’ को सख्ती से लागू करने तथा ‘हॉर्न बजाना मना है’ (नो हॉर्न ज़ोन) के नियमों का कड़ाई से पालन कराने का सुझाव दिया गया। इसके अलावा, नैशनल हाईवे पर सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक भारी वाहनों के आवागमन पर पूरी तरह रोक लगाने और इसका वैकल्पिक मार्ग तलाशने की मांग की गई।
3. जंगली जानवरों का आतंक: अल्मोड़ा शहर और ग्रामीण इलाकों में बढ़ रहे जंगली जानवरों के खौफ पर चिंता जताते हुए वन विभाग से जल्द से जल्द ठोस कार्रवाई करने का आग्रह किया गया।
4. युवाओं में नशे की बढ़ती लत: शहर और गांवों में युवाओं में बढ़ती नशे की आदत पर चिंता जाहिर की गई। प्रशासन से मांग की गई कि अल्मोड़ा शहर के बाहर से आकर रह रहे संदिग्ध/अपरिचित व्यक्तियों का अनिवार्य सत्यापन कराया जाए।
रहें उपस्थित
बैठक की अध्यक्षता परिषद के अध्यक्ष कैप्टन केशव राम पांडे ने की तथा संचालन सूबेदार सूरज पाल वर्मा ने किया। बैठक में कैप्टन दीवान सिंह, कैप्टन मोहन सिंह बिष्ट, सूबेदार दरबान सिंह, सूबेदार पूरन सिंह, सूबेदार केशव दत्त पांडे, कैप्टन मान सिंह, सूबेदार शेर सिंह, सूबेदार सूरज लाल वर्मा, सूबेदार जोशी, सूबेदार ध्यान सिंह, सूबेदार प्रकाश सिंह, सूबेदार हरीश सिंह, सूबेदार आनंद सिंह तथा सूबेदार प्रहलाद सिंह सहित अनेक पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।