Site icon Khabribox

अल्मोड़ा: 35 वर्षों की सेवा के बाद रिटायर हुए फायर सर्विस चालक दिनेश लाल, पुलिस परिवार ने दी भावभीनी विदाई, किया सम्मानित

अल्मोड़ा: अल्मोड़ा पुलिस कार्यालय के सभागार में आज सोमवार को सेवानिवृत्त हो रहे फायर सर्विस चालक दिनेश लाल के सम्मान में एक भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया।

विदाई समारोह का आयोजन

जिसमें लगभग 35 वर्ष, 5 माह और 25 दिन तक अपनी उत्कृष्ट सेवाएं देने के बाद अधिवर्षता आयु पूरी कर सेवानिवृत्त हुए दिनेश लाल को अल्मोड़ा पुलिस परिवार द्वारा ससम्मान विदाई दी गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद एसएसपी चंद्रशेखर घोडके ने सेवानिवृत्त चालक दिनेश लाल को फूलमाला पहनाकर, शॉल ओढ़ाकर, प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। एसएसपी घोडके ने दिनेश लाल के सेवाकाल के दौरान दिखाए गए अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और मधुर व्यवहार की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि दिनेश लाल का उत्कृष्ट सेवा रिकॉर्ड और कार्यशैली पूरे पुलिस विभाग के लिए प्रेरणास्रोत है।

साझा किए अनुभव

विदाई समारोह के दौरान दिनेश लाल ने भी अपने लगभग साढ़े तीन दशक लंबे सेवाकाल के खट्टे-मीठे अनुभवों को सहकर्मियों के साथ साझा किया। उन्होंने सेवाकाल में मिले सहयोग के लिए विभाग और अपने साथी कर्मचारियों का आभार जताया। दिनेश लाल ने अपने 35 साल से अधिक के लंबे पुलिस करियर में उत्तर प्रदेश के पीलीभीत सहित उत्तराखंड के देहरादून, ऊधमसिंह नगर, नैनीताल और अल्मोड़ा में विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया।

रहें उपस्थित

समारोह का सफल संचालन प्रतिसार निरीक्षक रमेश चंद्र गैरोला द्वारा किया गया। कार्यक्रम के समापन पर सेवानिवृत्त कर्मचारी को ससम्मान वाहन में बैठाकर विदा किया गया। इस दौरान प्रतिसार निरीक्षक रमेश चंद्र गैरोला, वाचक निरीक्षक अशोक धनकड़, डीसीआरबी प्रभारी निरीक्षक देवेन्द्र नेगी, एसआई (एम) हीरा सिंह, एसआई (एम) पूरन रावत सहित कई पुलिस अधिकारी, कर्मचारी और दिनेश लाल के परिजन उपस्थित रहे।

Exit mobile version