Site icon Khabribox

अल्मोड़ा: स्वरोजगार योजनाओं के प्रचार के लिए लगेंगे QR कोड वाले फ्लेक्स, सीडीओ ने दिए यह निर्देश



अल्मोड़ा: विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी (CDO) रामजीशरण शर्मा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय पुनरीक्षण समिति (DLRC) की बैठक आयोजित की गई।

की बैठक

इस बैठक में जनपद में संचालित विभिन्न बैंकिंग योजनाओं, वित्तीय समावेशन कार्यक्रमों और सरकारी प्रायोजित योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की गई। जिसमें सीडीओ ने सभी बैंकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से ऋण वितरित किया जाए तथा लंबित आवेदनों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर हो। बताया कि मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना (MSY) और प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP) के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए प्रमुख स्थानों पर फ्लेक्स लगाए जाएंगे। इन फ्लेक्स पर QR कोड अंकित होगा, जिसे स्कैन करके इच्छुक लाभार्थी योजना की पूरी जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकेंगे। सीडीओ ने बैंकों और उद्योग विभाग को निर्देश दिए कि जिन आवेदनों को निरस्त किया जा रहा है, उनके कारणों का स्पष्ट अभिलेखीकरण किया जाए। इसके साथ ही, लाभार्थियों के साथ किसी भी प्रकार का संवाद अंतर (Communication Gap) न रहे और उन्हें आवेदन की स्थिति की जानकारी समय-समय पर मिलती रहे।

इस पर जताई चिंता

बैठक के दौरान ‘वीर चंद्र सिंह गढ़वाली स्वरोजगार योजना’ में अपेक्षाकृत कम आवेदन प्राप्त होने पर सीडीओ ने चिंता व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को इस योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और विशेष अभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने के निर्देश दिए। जिन दूरस्थ या नेटवर्क संबंधी समस्याओं वाले क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाएं बाधित हैं, वहां ‘बैंक कॉरेस्पॉन्डेंट’ (BC) व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा, ताकि आमजन तक बैंकिंग सेवाएं निर्बाध रूप से पहुंच सकें।सीडीओ रामजीशरण शर्मा ने निर्देश दिए कि वित्तीय साक्षरता शिविरों का व्यापक प्रचार किया जाए और प्रत्येक शिविर में शामिल प्रतिभागियों की संख्या, प्राप्त परिणाम तथा लोगों की समस्याओं का उचित रिकॉर्ड रखकर उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।

रहें मौजूद

इस समीक्षा बैठक में ग्राम्य विकास अभिकरण के परियोजना निदेशक के.एन. तिवारी, एलडीएम अनिरुद्ध शाह, विभिन्न बैंकों के जिला समन्वयक, संबंधित विभागों के अधिकारी एवं समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Exit mobile version