Site icon Khabribox

अल्मोड़ा: दीपावली पर खाद्य सुरक्षा विभाग का कड़ा पहरा,  सल्ट, डोटियाल और देघाट में मिठाई की दुकानों पर की छापेमारी, जब्त किए 4 नमूने

​अल्मोड़ा: दीपावली के पावन पर्व पर आम जनता को मिलावटमुक्त और शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।

विभाग की छापेमारी

इसी क्रम में आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (उत्तराखंड) और जिलाधिकारी अल्मोड़ा के निर्देशों के अनुपालन में, खाद्य सुरक्षा, प्रशासन और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने आज सल्ट, डोटियाल और देघाट के बाजारों में ताबड़तोड़ छापेमारी की। इस विशेष सघन निरीक्षण अभियान के दौरान टीम ने मिठाई की दुकानों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों की बारीकी से जांच की। अधिकारियों ने दुकानों पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई, सामानों के भंडारण और खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के नियमों का जायजा लिया।

​जांच के दायरे में मिठाइयां

त्योहारी सीजन में मिलावट की आशंका को देखते हुए संयुक्त टीम ने औचक कार्रवाई करते हुए संदेह के आधार पर विभिन्न मिठाइयों के कुल 4 नमूने संग्रहित किए। इनमें प्रमुख रूप से मावा बूंदी लड्डू, बेसन लड्डू व बालूशाही शामिल हैं। विभाग इन सभी नमूनों को परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेज रहा है। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि कोई नमूना अधोमानक या मिलावटी पाया जाता है, तो संबंधित कारोबारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

​व्यापारियों को सख्त निर्देश

निरीक्षण के दौरान व्यापारियों को कड़े निर्देश दिए गए कि वे प्रतिष्ठानों में उच्च स्तर की स्वच्छता बनाए रखें और उपभोक्ताओं को केवल गुणवत्तायुक्त सामान ही बेचें। खाद्य सुरक्षा अधिकारी अल्मोड़ा, विपिन कुमार ने बताया कि त्योहार के मद्देनजर यह अभियान लगातार जारी रहेगा। प्रशासन ने मिलावटखोरों को चेतावनी दी है कि मानकों का उल्लंघन करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा।

Exit mobile version