Site icon Khabribox

अल्मोड़ा: बच्चे के भोलेपन का फायदा उठाकर ठगों ने उड़ाए 2.06 लाख रुपये, परिजनों की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज​

अल्मोड़ा: साइबर ठगों का जाल बढ़ता जा रहा है। जो मासूम जनता के साथ अब बच्चों को निशाना बनाकर ठगी का नया पैंतरा अपना रहे हैं।

साइबर ठगों का जाल

ऐसा ही एक मामला अल्मोड़ा से सामने आया है। यहां एक मासूम को बहला-फुसलाकर ठगों ने उसकी मां के बैंक खाते से 2 लाख 6 हजार रुपये से ज्यादा की रकम पार कर दी। जानकारी के अनुसार, नगर के एनटीडी बलढौटी क्षेत्र की रहने वाली शगुफ्ता हसन ने कोतवाली में तहरीर सौंपी है। उनका कहना है कि उनका बेटा कक्षा पांच का छात्र है, जो रोजाना स्कूल से लौटने के बाद करीब एक घंटे तक मां के मोबाइल पर गेम खेलता है। 15 नवंबर को भी वह मोबाइल पर गेम खेल रहा था, तभी एक अनजान नंबर से कॉल आई। वहीं कॉल करने वाले ने बच्चे से बड़ी चालाकी से बात की और अपनी मां के इलाज का बहाना बनाकर एक रुपये की मदद मांगी। बच्चे को तरस आ गया और उसने गूगल पे के जरिए एक रुपया भेज दिया। इसके बाद ठग ने बच्चे से मोबाइल पर आए ओटीपी (OTP) के बारे में पूछा। मासूम ने बिना कुछ समझे ओटीपी बता दिया, जिसके बाद ठग ने शगुफ्ता हसन के एचडीएफसी बैंक खाते से 2,06,389 रुपये उड़ा लिए।

जांच शुरू

​पीड़िता के पति एजाज हुसैन ने बताया कि उन्हें इस ठगी की जानकारी 22 नवंबर को हुई। उन्होंने देखा कि उनके खाते से पैसा पत्नी के खाते में आ रहा था और वहां से किसी अन्य खाते में ट्रांसफर हो रहा था। शुरुआती जांच में पता चला कि रकम केनरा बैंक में सुनंदा यादव नाम के खाते में जा रही है। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सीओ बलवंत रावत ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
​

Exit mobile version