Site icon Khabribox

अल्मोड़ा: रामलीला के मंच से थानाध्यक्ष ने दिए साइबर सुरक्षा के टिप्स, डिजिटल अरेस्ट और ऑनलाइन ठगी से सतर्क रहने की अपील की

​अल्मोड़ा: अल्मोड़ा में एसएसपी चंद्रशेखर घोडके के निर्देशों के क्रम में जनपद भर में “साइबर जागरूकता 2.0” अभियान चलाया जा रहा है।

पुलिस का जागरूकता अभियान

इसके तहत पुलिस लगातार आमजन को जागरूक कर रही है। इसी कड़ी में, क्षेत्राधिकारी (CO) अल्मोड़ा बलवन्त सिंह रावत के पर्यवेक्षण में लमगड़ा पुलिस ने रामलीला मंचन के दौरान एक अनूठी पहल करते हुए श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया। लमगड़ा में आयोजित रामलीला मंचन के दौरान थानाध्यक्ष प्रमोद पाठक ने मंच से उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं, युवाओं और बच्चों को संबोधित किया। उन्होंने आधुनिक तकनीक के दौर में बढ़ रहे साइबर अपराधों, ऑनलाइन धोखाधड़ी, फर्जी लिंक, क्यूआर (QR) कोड स्कैम और ‘डिजिटल अरेस्ट’ जैसे नए तरीकों के बारे में विस्तार से समझाया। कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपना OTP, ATM पिन, CVV नंबर या बैंकिंग से जुड़ी गोपनीय जानकारी भूलकर भी साझा न करें।साइबर अपराधी अक्सर बड़े लालच या डर (भय) का माहौल बनाकर लोगों को अपने जाल में फंसाते हैं। अनजान लिंक पर क्लिक करने या संदिग्ध ऑफर के लालच में आने से बचें। ‘डिजिटल अरेस्ट’ के नाम पर डराकर पैसे मांगने वालों की बातों में न आएं और सतर्क रहें।


​महिला सुरक्षा पर भी दिया जोर

​जागरूकता कार्यक्रम के दौरान लोगों को लालच से दूर रहकर मेहनत और ईमानदारी से कार्य करने के लिए प्रेरित किया गया। इसके साथ ही नशाखोरी के दुष्परिणामों, देश में लागू नए आपराधिक कानूनों, महिला सुरक्षा तथा यातायात नियमों के पालन के संबंध में भी महत्वपूर्ण और उपयोगी जानकारियां साझा की गईं।
​

Exit mobile version