अल्मोड़ा: राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ‘सरकार जनता के द्वार’ के तहत मंगलवार को मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) रामजी शरण शर्मा ने ताकुला विकासखंड की ग्राम पंचायत काँटली का दौरा किया।
किया दौरा
इस दौरान उन्होंने जमीनी स्तर पर विकास कार्यों का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना। सीडीओ ने ग्राम पंचायत में संचालित होमस्टे का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने संचालकों को निर्देश दिए कि पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं देने के साथ ही स्थानीय उत्पादों और कुमाऊंनी संस्कृति का व्यापक प्रचार-प्रसार करें। साथ ही, उन्होंने प्रसिद्ध पिनाथ ट्रेक का भी जायजा लिया। क्षेत्र में पर्यटन की अपार संभावनाओं को देखते हुए उन्होंने बुनियादी ढांचे के विकास पर जोर दिया ताकि अधिक से अधिक पर्यटक इस ओर आकर्षित हों।
ग्रामीणों ने रखी अपनी मांगें
बैठक के दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं को सीडीओ के समक्ष प्रमुखता से रखा। इसमें सड़क संपर्क मार्ग में सुधार, मोबाइल नेटवर्क की समस्या का समाधान, स्थानीय युवाओं के लिए ‘नेचर गाइड’ प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन, पिनाथ ट्रेक मार्ग का सुधारीकरण, जल संस्थान की पेयजल पाइपलाइन संबंधी समस्याएं रखीं। ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के बाद सीडीओ रामजी शरण शर्मा ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप ग्रामीण क्षेत्रों का सर्वांगीण विकास सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जो भी सुझाव और समस्याएं सामने आई हैं, उनका नियमानुसार परीक्षण कर शीघ्र निस्तारण किया जाएगा, ताकि स्थानीय निवासियों को बेहतर जनसुविधाएं मिल सकें और पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिल सके।
रहें उपस्थित
इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।