अल्मोड़ा: उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह ने आज 08 अक्टूबर को देहरादून स्थित लोक भवन में वन्यजीव सप्ताह 2026 के समापन समारोह के दौरान ‘बिनसर वन्यजीव अभयारण्य’ के नए प्रतीक चिह्न (लोगो) का भव्य अनावरण किया।
किया भव्य अनावरण
अल्मोड़ा वन प्रभाग द्वारा आयोजित खुली प्रतियोगिता में कुल 29 प्रतिभागियों ने अपने डिजाइन भेजे थे, जिनमें से हल्द्वानी निवासी चेतन्य पाण्डे द्वारा तैयार किए गए प्रतीक चिह्न को सर्वश्रेष्ठ चुना गया। नए प्रतीक चिह्न में बिनसर की जैव विविधता, हिमालयी पारिस्थितिकी और सांस्कृतिक विरासत को अंग्रेजी के ‘BINSAR’ शब्द में कलात्मक रूप से पिरोया गया है।
• B: उगता सूर्य, पर्वत श्रृंखलाएं और वनाच्छादित भूमि
• I: हिमालयी शंकुधारी वृक्ष
• N: भारतीय मुन्टजैक (काकड़/हिरण की प्रजाति)
• S: प्रवाहित होती नदियां
• A: सुरम्य पर्वतीय दृश्य
• R: उत्तराखंड का राज्य पक्षी ‘हिमालयी मोनाल’
दी यह जानकारी
अल्मोड़ा के प्रभागीय वनाधिकारी (DFO) प्रदीप कुमार धौलाखण्डी ने बताया कि नया प्रतीक चिह्न बिनसर अभयारण्य की विशिष्ट प्राकृतिक पहचान को सशक्त बनाएगा और वन्यजीव संरक्षण के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगा।
रहे मौजूद
कार्यक्रम के दौरान राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, प्रमुख वन संरक्षक (HoFF) कपिल लाल, मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक नीना ग्रेवाल, अपर प्रमुख वन संरक्षक विवेक पाण्डे और प्रभागीय वनाधिकारी प्रदीप कुमार धौलाखण्डी सहित वन विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।