Site icon Khabribox

अल्मोड़ा: ​पहाड़ की स्वास्थ्य व्यवस्था ‘आईसीयू’ में: डॉक्टरों के तबादले पर भड़के भुवन जोशी, सरकार को घेरा, दी जन आंदोलन की चेतावनी

अल्मोड़ा:‌ अल्मोड़ा जिला चिकित्सालय से विशेषज्ञ चिकित्सकों के तबादलों के बाद स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर आम आदमी पार्टी के संस्थापक सदस्य एवं पूर्व प्रत्याशी भुवन चंद्र जोशी ने भाजपा सरकार पर पहाड़ की स्वास्थ्य व्यवस्था को ‘आईसीयू’ में पहुंचाने का गंभीर आरोप लगाया है।

कहीं यह बात

उन्होंने कहा कि यह फैसला केवल अल्मोड़ा नहीं, बल्कि पूरे कुमाऊं के लिए एक बड़ा संकट बन गया है। भुवन जोशी ने प्रेस को जारी बयान में कहा कि अल्मोड़ा जिला अस्पताल कुमाऊं का प्रमुख रेफरल सेंटर है। यहां से चार विशेषज्ञ डॉक्टरों सहित छह चिकित्सकों का तबादला करना पूरी तरह से अनुचित है। उन्होंने सवाल उठाया कि बिना वैकल्पिक व्यवस्था किए डॉक्टरों को हटाना आखिर किस नीति के तहत है? इसका खामियाजा सोमेश्वर, जागेश्वर, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और चंपावत से आने वाले हजारों मरीजों को भुगतना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस केवल बयानों तक सीमित है। स्वास्थ्य जैसे संवेदनशील मुद्दे पर केवल प्रेस विज्ञप्ति जारी करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि विपक्ष को सड़क से सदन तक प्रभावी संघर्ष करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं के बड़े-बड़े दावे तो करती है, लेकिन हकीकत में अस्पतालों को डॉक्टरों से खाली किया जा रहा है।


​तबादले रद्द न हुए तो होगा उग्र आंदोलन

​आप नेता ने सरकार को अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि इन तबादलों को तत्काल निरस्त नहीं किया गया और विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति सुनिश्चित नहीं की गई, तो आम आदमी पार्टी जनता को साथ लेकर व्यापक जन आंदोलन शुरू करेगी। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि आने वाले दिनों में अगर स्वास्थ्य व्यवस्था चरमराती है या मरीजों को कोई असुविधा होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी भाजपा सरकार की होगी।

Exit mobile version