Site icon Khabribox

अल्मोड़ा: ऐतिहासिक श्री नंदादेवी रामलीला: अष्ठम दिवस पर लंका दहन, अंगद-रावण संवाद और लक्ष्मण शक्ति के मंचन ने मोहा मन, दर्शकों की उमड़ी भीड़

​अल्मोड़ा: सांस्कृतिक नगरी अल्मोड़ा और समूचे कुमाऊँ की सबसे प्राचीन एवं ऐतिहासिक श्री नंदादेवी रामलीला के अष्ठम दिवस का मंचन भव्य रूप से संपन्न हुआ।

रामलीला मंचन

जिसमें मां नंदादेवी मंदिर प्रांगण में आयोजित इस रामलीला में दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ी, जहां कलाकारों ने अपने जीवंत और प्रभावशाली अभिनय से समां बांध दिया।‌ नवम दिवस की लीला के तहत लंका दहन, चूड़ामणि समेत हनुमान का श्री राम की शरण में पहुंचना, विभीषण-रावण संवाद, विभीषण की श्रीराम शरण प्राप्ति, रामेश्वरम पूजन, बहुप्रतीक्षित अंगद-रावण संवाद, रावण-मंदोदरी संवाद, मेघनाथ-लक्ष्मण संवाद और मर्मस्पर्शी लक्ष्मण शक्ति की प्रभावशाली प्रस्तुतियां मंचित की गईं। लीला का मुख्य आकर्षण ‘अंगद-रावण संवाद’ रहा, जिसमें भगवान श्रीराम के दूत बनकर आए अंगद ने रावण को ललकारते हुए माता सीता को सम्मानपूर्वक लौटाने या युद्ध के लिए तैयार रहने का संदेश दिया। इस प्रसंग में अंगद का जीवंत अभिनय अभिनव मेहरा ने और रावण का दमदार किरदार हरि विनोद साह ने निभाया। वहीं, लक्ष्मण-मेघनाथ संवाद में लक्ष्मण की भूमिका अविरल जोशी ने तथा मेघनाथ की भूमिका संजय साह ने बखूबी निभाई। रामलीला में विभिन्न पात्रों के रूप में द्रोण नेगी (राम), कुलदीप मेर (हनुमान), अविरल जोशी (लक्ष्मण), मुरली कांडपाल (विभीषण), आदित्य गुरुरानी (भरत), मीनाक्षी हरबोला (मंदोदरी), भावना पांडे (सुलोचना), नवीन बिष्ट (वैद्यराज), नमन पलनी (सुग्रीव), दक्ष साह (नल), सुमित (नील) और प्रेम (जामवंत) ने अपने बेहतरीन अभिनय से दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी। पात्रों का आकर्षक मेकअप दानिश और राजू शर्मा द्वारा किया गया।

​रहें मुख्य अतिथि

रामलीला का शुभारंभ पारंपरिक श्रीराम स्तुति और छोटे-छोटे बच्चों द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इसका औपचारिक उद्घाटन मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा, नंदादेवी रामलीला कमेटी के संरक्षक दीप लाल साह और पार्षद गुंजन चमियाल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
​इस अवसर पर महापौर अजय वर्मा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोड़के ने मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचकर रामलीला का आनंद लिया। कमेटी के संयोजक प्रकाश पांडे, शशि मोहन पांडे और धनंजय साह ने अतिथियों को राम प्रसादी भेंट की। कार्यक्रम का संचालन कमेटी के सचिव एवं नंदादेवी वार्ड के पार्षद अर्जुन सिंह बिष्ट ने किया। मंच पूजन नंदादेवी मंदिर के मुख्य पुजारी तारा दत्त जोशी और जीवन पाठक ने संपन्न कराया।

​रही विशेष भूमिका

रामलीला को सफल बनाने में संगीत पक्ष से हारमोनियम पर राजन नयाल और तबले पर शेखर सीजवाली व अरशद अंसारी ने सहयोग दिया। अतुल वर्मा, महेंद्र बिष्ट, संदीप साह, राजकुमार बिष्ट, कविश अरोरा, जगदीश बिष्ट और जगदीश भंडारी ने लंका दहन, रामेश्वरम पूजन और शानदार रावण दरबार का सेट तैयार कर मंच सज्जा में चार चांद लगा दिए। पर्दे के पीछे निर्देशक गणेश मेर ने पात्रों के संचालन की जिम्मेदारी संभाली, जबकि हरीश बिष्ट और चंद्र मोहन परगाई ने पात्रों की तैयारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सोशल मीडिया पर मंचन का सीधा प्रसारण नमन बिष्ट ने किया। दर्शकों की व्यवस्था संभालने में राजेश पालनी, दिनेश जोशी और कोषाध्यक्ष धनंजय साह सक्रिय रहे। इस दौरान मंदिर कमेटी के अध्यक्ष मनोज वर्मा, उपाध्यक्ष तारा चंद्र जोशी, वरिष्ठ पत्रकार अनिल सनवाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Exit mobile version