अल्मोड़ा: जय मां दुर्गा महोत्सव समिति, लक्ष्मेश्वर (अल्मोड़ा) द्वारा रक्षाबंधन पर्व के शुभ अवसर पर शारदीय दुर्गा महोत्सव की तैयारियां अधिकारिक तौर पर शुरू कर दी गई हैं।
तैयारियां तेज
जिसमें समिति द्वारा श्री गणेश पूजन, मां आदिशक्ति नवदुर्गा, भगवान भोलेनाथ, अष्ट भैरव एवं नवग्रह पूजन के विशेष धार्मिक अनुष्ठान के साथ मां नवदुर्गा की मूर्तियों के निर्माण का कार्य आरंभ कर दिया गया है। यह संपूर्ण धार्मिक अनुष्ठान आचार्य पंडित सतीश चंद्र जोशी द्वारा मुख्य यजमान गीता जोशी एवं रमेश चंद्र जोशी के हाथों विधिवत संपन्न कराया गया।
13वें भव्य-दिव्य दुर्गा महोत्सव की तैयारियां हुई तेज
जय मां दुर्गा महोत्सव समिति, लक्ष्मेश्वर के संयोजक एवं पार्षद अमित साह ‘मोनू’ ने जानकारी देते हुए बताया कि आगामी 11 अक्टूबर से शारदीय नवरात्रि का पावन पर्व शुरू हो रहा है। इस वर्ष समिति अपने 13वें दुर्गा महोत्सव का भव्य एवं दिव्य आयोजन करने जा रही है। आयोजन को ऐतिहासिक एवं सफल बनाने के लिए बड़े स्तर पर तैयारियां और कार्य प्रारंभ कर दिए गए हैं।
रहे मौजूद
इस अवसर पर समिति के मुख्य संयोजक त्रिलोचन जोशी, मुख्य व्यवस्थापक नमित जोशी, संयोजक पार्षद अमित साह ‘मोनू’, कोषाध्यक्ष हेमंत पांडेय, मूर्ति विभाग संयोजक पार्षद अभिषेक जोशी, उपाध्यक्ष विनय पांडेय, दिनेश मठपाल, मंच व्यवस्थापक दीवान बिष्ट, नरेंद्र बिष्ट, पूर्व फौजी सुधीर कुमार, समिति सचिव विक्रम साह ‘भोलू’ तथा कमलेश बिष्ट सहित कई सदस्य एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।