अल्मोड़ा: नगर निगम अल्मोड़ा के डुबकिया वार्ड (वार्ड संख्या 03) में सार्वजनिक रास्ते, हिंदू धर्म के मंदिर और क्रिया-कर्म स्थल पर अवैध अतिक्रमण का मामला इन दिनों चर्चा में बना हुआ है।
सीएम को दिया शिकायती पत्र
इस संबंध में स्थानीय पार्षद अंजू बिष्ट ने क्षेत्रवासियों के साथ मिलकर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री को एक औपचारिक शिकायत पत्र सौंपकर तुरंत कार्रवाई की मांग की है।
मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में पार्षद अंजू बिष्ट ने आरोप लगाया है कि दुबकिया वार्ड के अंतर्गत एक निजी व्यक्ति (श्री जावेद अख्तर) द्वारा सार्वजनिक रास्ते, हिंदू मंदिर और क्रिया-कर्म घाट स्थल पर अवैध रूप से अतिक्रमण कर लिया गया है। इस अवैध कब्जे के कारण क्षेत्र की आम जनता को आवागमन में भारी दिक्कतों और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
पार्षद ने बताया कि इस गंभीर जनसमस्या के संबंध में पहले भी संबंधित विभागों और प्रशासन को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन बार-बार शिकायत करने के बावजूद अभी तक इस समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं निकल सका है। प्रशासन की इस ढुलमुल नीति से स्थानीय निवासियों में गहरा रोष है।
मुख्यमंत्री के अल्मोड़ा आगमन पर क्षेत्रवासियों को न्याय की आस जगी है। पत्र के माध्यम से मुख्यमंत्री से अनुरोध किया गया है कि वे जनहित के इस संवेदनशील मामले को खुद संज्ञान में लें। साथ ही, संबंधित विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों को मौके से शीघ्र अति शीघ्र अवैध अतिक्रमण हटाने के कड़े निर्देश जारी करें, ताकि आम जनता को इस परेशानी से राहत मिल सके और बाधित मार्ग को फिर से सुचारू रूप से संचालित किया जा सके।
कार्यवाही की मांग
इस शिकायती पत्र पर पार्षद अंजू बिष्ट के साथ-साथ वार्ड के तमाम गणमान्य नागरिकों और क्षेत्रवासियों ने अपने हस्ताक्षर कर त्वरित और उचित कानूनी कार्रवाई की पुरजोर मांग की है।
किए हस्ताक्षर
इस जनसमस्या के समाधान के लिए पार्षद अंजू बिष्ट के साथ वार्ड के तमाम स्थानीय नागरिकों ने एकजुट होकर शिकायत पत्र पर अपने हस्ताक्षर किए हैं, जिनमें राकेश बिष्ट, पूजा, महेश, दान सिंह, राजू, शान्ति देवी, धीरज रावत, दीपक, काला देवी, रीमा बिष्ट, हरदयाल सिंह, शांति देवी, मजिन्दर सिंह, खीम राज, हरीश सिंह, रणजीत सिंह, हाफिज एवं अन्य स्थानीय निवासी शामिल रहें।