Site icon Khabribox

अल्मोड़ा: जिले में महत्वपूर्ण धार्मिक पर्यटक स्थलों का तीन करोड़ रुपए से किया जाएगा सौंदर्यीकरण, पर्यटन के साथ खुलेंगे रोजगार के द्वार

अल्मोड़ा जिले से जुड़ी खबर सामने आई है। पर्यटन कारोबार को बढ़ावा देने के लिए पर्यटन विभाग जिले के महत्वपूर्ण धार्मिक पर्यटक स्थलों का तीन करोड़ रुपये से सौंदर्यीकरण करेगा। इन धर्मस्थलों में पर्यटक आवास गृहों का भी निर्माण होगा।इनके विकास के लिए जिला योजना के तहत 60 योजनाओं को शामिल किया गया है, जिसकी मंजूरी विभाग को मिल गई है।

रिवर राफ्टिंग, रॉक क्लाइंबिंग आदि साहसिक खेल गतिविधियों का होगा विकास

जिला योजना के तहत इस वर्ष पर्यटन विभाग जिले में 3.35 करोड़ रुपये से चितई गोलू मंदिर, कसारदेवी सहित 20 से अधिक धार्मिक स्थलों का सौंदर्यीकरण करने के साथ ही नए पर्यटन स्थल विकसित करेगा। इन पर्यटन स्थलों में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ाने के लिए रिवर राफ्टिंग, रॉक क्लाइंबिंग आदि साहसिक खेल गतिविधियों का विकास होगा।

पर्यटक आवास गृहों का किया जाएगा निर्माण

इनके अलावा रानीखेत, पांडेखोली समेत अन्य पर्यटन स्थलों के पास पर्यटक आवास गृहों का निर्माण किया जाएगा। पर्यटन विभाग की इस पहल से जिले के पर्यटन कारोबार को गति मिलेगी और इससे रोजगार के द्वार भी खुलेंगे।

पर्यटन विभाग जल्द कसारदेवी में स्थापित करेगा टेलीस्कोप

जिला योजना के तहत प्रसिद्ध धार्मिक पर्यटन स्थल कसारदेवी में पर्यटक रात में अब दूरबीन की मदद से तारों की गतिविधि देख सकेंगे। इसके लिए पर्यटन विभाग जल्द ही यहां टेलीस्कोप स्थापित करेगा। इस अनूठी पहल से पर्यटकों की संख्या में इजाफा होने की उम्मीद है।

3.35 लाख रुपये से विभिन्न योजनाओं के तहत किए जाएंगे कार्य – अमित लोहनी

अमित लोहनी, पर्यटन अधिकारी, अल्मोड़ा ने बताया कि जिला योजना के तहत इस वर्ष 60 योजनाओं को स्वीकृति मिली है। 3.35 लाख रुपये से विभिन्न योजनाओं के तहत कार्य किए जाएंगे। पहली किस्त के रूप में एक करोड़ रुपये विभाग को मिल गए हैं। जल्द योजनाओं पर काम शुरू होगा।

Exit mobile version