अल्मोड़ा: सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर पहुंचीं कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या को कांग्रेस कार्यकर्ताओं के कड़े विरोध का सामना करना पड़ा।
किया विरोध
जिस पर आज शुक्रवार को कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र भोज के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने मुख्य बाजार में जुलूस निकालकर मंत्री के खिलाफ नारेबाजी की और उन्हें काले झंडे दिखाए। मंत्री के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ता जब जनसभा स्थल की ओर बढ़ने लगे, तो पुलिस ने मुख्य बाजार में ही बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोक दिया। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी बहस व नोकझोंक हुई, जिससे करीब आधे घंटे तक क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। साथ ही कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र भोज ने कैबिनेट मंत्री पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि महिला एवं बाल विकास विभाग में 210 करोड़ रुपये का कथित भ्रष्टाचार हुआ है, जिस पर मंत्री जवाब देने के बजाय जनसभाएं कर जनता को गुमराह कर रही हैं। उन्होंने कहा कि नैतिकता के आधार पर मंत्री को तुरंत अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए।
दी चेतावनी
जिलाध्यक्ष ने चेतावनी दी कि जब तक इस कथित घोटाले की निष्पक्ष जांच नहीं हो जाती, तब तक कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक अपना विरोध जारी रखेगी।
रहें उपस्थित
इस दौरान प्रदर्शन में राजू भट्ट, भुवन दोसाद, राजेंद्र बाराकोटी, गोविंद बाल्टियाल, रमेश भाकुनी, किशोर नयाल, अमरजीत भाकुनी, संतोष कुमार, रमेश भंडारी, प्रकाश खाती, सुनील बाराकोटी समेत कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।