अल्मोड़ा जिले से जुड़ी खबर सामने आई है। अल्मोड़ा में गांव से लेकर मैदानों तक बंदरों का आतंक बना हुआ है। अब धौलछीना में बंदर के हमले में एक महिला घायल हो गई।
घास काट रहीं महिला पर किया हमला
मिली जानकारी के अनुसार यहां सोमवार को भैंसियाछाना निवासी सावित्री देवी घर के पास ही अपने खेत में घास काट रही थी। तभी बंदरों के झुंड ने महिला पर हमला कर दिया। आसपास खेतों में काम कर रही अन्य महिलाओं ने बंदरों को भगाकर महिला की जान बचाई। जिसके बाद घायल महिला को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सेराघाट ले जाया गया। जहां महिला के पैर में आठ टांके लगाए गए।
बंदरों से निजात दिलाने की मांग
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि आए दिन बंदर लोगों पर हमला कर रहे हैं। जिस कारण बच्चों का स्कूल आना जाना भी मुश्किल हो रहा है। पिछले महीने बाड़ेछीना में भी बंदरों द्वारा एक वृद्ध महिला को गंभीर रूप से घायल कर दिया था। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद भी वन विभाग कटखने बंदरों से निजात दिलाने की कोई सकारात्मक पहल नहीं कर रहा है। जिस पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि संतोष राम ने वन विभाग से कटखने बंदरों को पकड़ने की मांग की है।