Site icon Khabribox

अल्मोड़ा: महंगाई की मार: अल्मोड़ा में नए सत्र के साथ कॉपियों के दाम 25% तक उछले, अभिभावकों का बजट बिगड़ा


अल्मोड़ा: अल्मोड़ा जिले में नए शैक्षणिक सत्र के आगाज के साथ ही बाजारों में जबरदस्त हलचल शुरू हो गई है।

किताबों की दुकानों में उमड़ी भीड़

वहीं वार्षिक परीक्षाफल घोषित होने के बाद अभिभावक अपने बच्चों के लिए किताबों, कॉपियों और स्कूल यूनिफॉर्म की खरीदारी में जुट गए हैं। सोमवार को अल्मोड़ा नगर के मालरोड, मिलन चौक समेत तमाम स्टेशनरी दुकानों पर ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ी रही, जिससे व्यापार में भी खासी तेजी देखी जा रही है।

​कॉपियों के दामों में इतने फीसदी तक का उछाल

​इस बार नए सत्र की शुरुआत अभिभावकों की जेब पर भारी पड़ रही है। स्टेशनरी के दामों में बेतहाशा वृद्धि दर्ज की गई है। पिछले साल की तुलना में कॉपियों की कीमतों में 20 से 25 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हुई है। सामान्य रूप से 100 रुपये में मिलने वाली कॉपी अब 125 रुपये तक पहुंच गई है, जबकि 40 रुपये वाली कॉपी 60 रुपये में बिक रही है। इससे मध्यमवर्गीय परिवारों का शिक्षा बजट पूरी तरह बिगड़ गया है।

​निजी प्रकाशकों की किताबें भी हुईं महंगी

​नगर के अधिकांश विद्यालयों में हालांकि एनसीईआरटी (NCERT) पैटर्न की किताबें ही अनिवार्य की गई हैं, लेकिन इसके बावजूद सहायक पुस्तकों और निजी प्रकाशकों की किताबों के दामों में 5 से 8 फीसदी तक की वृद्धि हुई है। भारी मांग के चलते बाजार में कुछ किताबों की किल्लत भी देखी जा रही है, जिसके लिए दुकानदारों ने अभिभावकों को एडवांस बुकिंग की सलाह दी है।

​उत्साह और भीड़ का माहौल

​महंगाई के बावजूद बच्चों में नई कक्षा में जाने को लेकर भारी उत्साह है। दुकानों पर उमड़ी भीड़ का आलम यह है कि अभिभावकों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। मालरोड के स्टेशनरी विक्रेताओं का कहना है कि मार्च और अप्रैल का महीना उनके व्यवसाय के लिए सबसे महत्वपूर्ण होता है और इस बार बिक्री में काफी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। आने वाले हफ्तों में किताबों की नई खेप पहुंचने से स्टॉक की कमी दूर होने की उम्मीद है।

Exit mobile version