अल्मोड़ा: समाजसेवा और जनसहयोग का एक प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत करते हुए जिलाधिकारी अल्मोड़ा के विशेष प्रयासों और प्लस एप्रोच फाउंडेशन के सहयोग से राजपुर क्षेत्र में आर्थिक रूप से कमजोर एक परिवार के जर्जर भवन के जीर्णोद्धार का कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण हो गया है।
जताया आभार
लंबे समय से बदहाल स्थिति में जीवन गुजार रहे इस परिवार को अब सुरक्षित और बेहतर आवास मिलने से उनके चेहरों पर खुशी लौट आई है। भवन का जीर्णोद्धार कार्य पूरा होने पर रेडक्रॉस सोसायटी के पदाधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर संबंधित परिवार को शुभकामनाएं दीं और इस मानवीय पहल में सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। पदाधिकारियों ने कहा कि समाज के जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाना ही रेडक्रॉस का मूल उद्देश्य है और भविष्य में भी ऐसे मानवीय कार्यों में हरसंभव सहयोग जारी रहेगा।
रहें मौजूद
इस कार्यक्रम के दौरान रेडक्रॉस सचिव मनोज भंडारी मंटू, उपसचिव अभिषेक जोशी, पार्षद विकास कुमार, नामित पार्षद कृष्ण बहादुर सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस अवसर पर पीयूष कुमार, रमेश लाल, सिद्धू कुमार, निखिल कुमार, दानिश सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने कार्य के पूर्ण होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए भविष्य में भी समाजहित के ऐसे कार्यों को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।