Site icon Khabribox

CAPF परीक्षा के लिए अल्मोड़ा तैयार, सुरक्षा, शुचिता और चाक-चौबंद रहेगी व्यवस्था, एडीएम ने परखीं अल्मोड़ा के केंद्रों की तैयारियां

अल्मोड़ा: संघ लोक सेवा आयोग द्वारा 19 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाली केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सहायक कमांडेंट) परीक्षा-2026 के सफल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर बीते कल शुक्रवार को अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र ने संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर तैयारियों की समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

दिए यह निर्देश

इस बैठक में अपर जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा का आयोजन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूर्ण गोपनीयता, पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ कराया जाए। उन्होंने परीक्षा सामग्री के सुरक्षित रख-रखाव, समय पर परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने तथा परीक्षा समाप्ति के उपरांत उसे निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सुरक्षित रूप से कोषागार में जमा कराने के निर्देश दिए। साथ ही सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए परीक्षा से जुड़ी प्रत्येक व्यवस्था समय से पूर्ण करने को कहा।उन्होंने सेक्टर मजिस्ट्रेटों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, पेयजल, विद्युत, स्वच्छता, बैठने की व्यवस्था सहित सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। परीक्षा अवधि के दौरान प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर सतत निगरानी रखी जाए तथा किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर उसका तत्काल समाधान किया जाए, जिससे परीक्षा का संचालन शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

परीक्षा का आयोजन

बैठक में बताया गया कि जनपद के तीन परीक्षा केंद्रों—अल्मोड़ा इंटर कॉलेज, अल्मोड़ा, एडम्स इंटर कॉलेज, अल्मोड़ा तथा रैमजे इंटर कॉलेज, अल्मोड़ा—में 19 जुलाई को परीक्षा आयोजित की जाएगी। प्रथम प्रश्नपत्र सामान्य योग्यता एवं बुद्धिमत्ता प्रातः 10:00 बजे से 12:00 बजे तक तथा द्वितीय प्रश्नपत्र सामान्य अध्ययन, निबंध एवं बोधगम्यता अपराह्न 2:00 बजे से 5:00 बजे तक आयोजित होगा।

रहें उपस्थित

बैठक में परीक्षा व्यवस्था से जुड़े संबंधित अधिकारी, सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Exit mobile version