Site icon Khabribox

अल्मोड़ा: प्रधानमंत्री कार्यालय और मुख्य सचिव के हस्तक्षेप से सुलझा मुद्दा, 12 वर्षों से कच्ची ‘लाट से चौंमू’ सड़क के डामरीकरण के लिए जारी हुआ आदेश

अल्मोड़ा: अल्मोड़ा में पिछले 12 वर्षों से पक्के निर्माण और डामरीकरण का इंतजार कर रही ‘लाट से चौंमू’ मोटर मार्ग की सुध आखिरकार शासन-प्रशासन द्वारा ले ली गई है। जिस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यालय (PMO) और उत्तराखंड शासन के मुख्य सचिव के सीधे हस्तक्षेप के बाद इस मोटर मार्ग के डामरीकरण का रास्ता साफ हो गया है।

शासन ने जारी किया आदेश

उत्तराखंड शासन द्वारा 6 अगस्त 2026 को जारी शासनादेश (संख्या 420449) के माध्यम से इस मार्ग के डामरीकरण के आदेश स्वीकृत किए गए हैं। इससे पहले, मुख्य सचिव कार्यालय द्वारा लोक निर्माण विभाग (PWD) को प्रधानमंत्री कार्यालय से प्राप्त संदर्भ पत्रों पर नियमानुसार तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे।

12 साल का लंबा इंतजार खत्म

सामाजिक कार्यकर्ता राम सिंह पंवार व स्थानीय ग्रामीण लंबे समय से इस कच्ची सड़क को पक्का कराने के लिए प्रयासरत थे। सड़क का डामरीकरण न होने से ग्रामीणों को आवाजाही में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। शासन से स्वीकृति मिलने के बाद अब जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।

जताया आभार

12 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद सड़क निर्माण की राह सुगम होने पर क्षेत्र के ग्रामीणों में खुशी की लहर है। स्थानीय निवासियों ने इस समस्या का संज्ञान लेने और त्वरित कार्रवाई का आदेश देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं राज्य शासन का आभार व्यक्त किया है। ग्रामीणों का कहना है कि उच्च स्तर से मिले निर्देशों के बिना इस मार्ग का डामरीकरण संभव नहीं हो पाता।

Exit mobile version