अल्मोड़ा: इस गांव में जल्द शुरू होगा झील का निर्माण कार्य, आएगी इतने करोड़ की लागत, रूकेगा पलायन, बढ़ेंगे रोजगार के अवसर

अल्मोड़ा से जुड़ी खबर सामने आई है। अल्मोड़ा जिले के हवालबाग ब्लाक के दौलाघट स्थित गोविंदपुर गांव में जल्द ही झील का निर्माण कार्य शुरू होगा।

पलायन पर लगेगा अंकुश

मिली जानकारी के अनुसार जल्द इस गांव को झील निर्माण की सौगात मिलेगी। एक करोड़ 96 लाख रुपये की लागत से प्रस्तावित झील न केवल पर्यटन को नई दिशा देगी, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। जिला मुख्यालय से लगभग 25 किलोमीटर दूर स्थित गोविंदपुर में बनने वाली यह झील 75 मीटर लंबी और 18 मीटर चौड़ी होगी। साथ ही इस झील के बनने से क्षेत्र में पलायन पर अंकुश लगाने में भी मदद मिलेगी।

नौका विहार, तैराकी और अन्य मनोरंजक गतिविधियां बढ़ेंगी

जानकारी के अनुसार इस झील निर्माण का प्रस्ताव सिंचाई विभाग ने तैयार कर प्रमुख अभियंता कार्यालय को भेजा है। जिसके बाद शासन से धनराशि स्वीकृत होते ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। इस परियोजना से मनाऊं, कोटुली, डांगीखोला, सिलानी, केस्ता, पठुरा, गली और बस्युरा सहित करीब 40 हजार से अधिक आबादी को सीधा लाभ मिलेगा। झील बनने के बाद क्षेत्र में नौका विहार, तैराकी और अन्य मनोरंजक गतिविधियों की संभावनएं बढ़ेंगी।