अल्मोड़ा: तहसील जैंती के अंतर्गत बकाया भू-राजस्व की वसूली न करने पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। न्यायालय देय की 14 लाख रुपये से अधिक की धनराशि जमा न करने पर बकायेदार की अचल संपत्ति की कुर्क कर नीलामी की तिथि 12 अगस्त 2026 तय की गई है।
दी यह जानकारी
विक्रय अधिकारी एवं नायब तहसीलदार जैंती ने जानकारी देते हुए बताया कि ग्राम बचकाण्डे निवासी प्रताप सिंह रौतेला (पुत्र बची सिंह रौतेला) के नाम 14,30,198 (चौदह लाख तीस हजार एक सौ अठानबे) रुपये का भू-राजस्व बकाया है। बार-बार सूचना के बावजूद बकायेदार द्वारा इस धनराशि का भुगतान नहीं किया गया, जिसके बाद वसूली पत्र के आधार पर अचल संपत्ति की कुर्की की कार्यवाही शुरू की गई है। प्रशासन के अनुसार नीलामी की प्रक्रिया 12 अगस्त 2026 को दोपहर 12:00 बजे राजस्व उप निरीक्षक क्षेत्र मोरनौला के ग्राम बचकाण्डे में आयोजित की जाएगी। नीलामी में सबसे अधिक बोली लगाने वाले व्यक्ति को कुल बोली का 1/4 (एक-चौथाई) हिस्सा मौके पर ही तुरंत जमा करना होगा, जबकि शेष राशि नीलामी की स्वीकृति मिलने के बाद जमा करनी होगी।
भूमि शामिल
नीलामी के लिए चिह्नित की गई कुल संपत्ति मोरनौला क्षेत्र के तीन गांवों में फैली हुई है।
• ग्राम बचकाण्डे: खाता संख्या 03, 45, 48, 63 और 85 के अंतर्गत कुल 0.287 हेक्टेयर भूमि।
• ग्राम जाख बचकाण्डे: खाता खतौनी संख्या 07 के अंतर्गत 0.021 हेक्टेयर भूमि।
• ग्राम स्यूनानी: खाता खतौनी संख्या 11 के अंतर्गत 0.001 हेक्टेयर भूमि।
इस प्रकार तीनों ग्रामों को मिलाकर कुल 0.309 हेक्टेयर (15 नाली 07 मुट्ठी) भूमि की सार्वजनिक नीलामी की जाएगी।