अल्मोड़ा: अल्मोड़ा में गुलदार का आतंक बढ़ता जा रहा है। जो नगरों से लेकर गांवों तक आतंक का पर्याय बने हुए हैं। रात के अंधेरे में दिखने वाला गुलदार अब दिन के उजाले में भी बेखौफ होकर रिहायशी इलाकों में घूमने लगा है, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
गुलदार का आतंक
मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को नगर के दुगालखोला वार्ड में दुर्गा मंदिर के पास उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब दिनदहाड़े एक गुलदार अचानक आवासीय बस्ती में घुस आया और इधर-उधर दौड़ने लगा। इसी दौरान गुलदार ने एक महिला पर झपट्टा मारकर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। अचानक हुए इस हमले से मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय निवासियों ने तत्परता दिखाते हुए घायल महिला को इलाज के लिए तुरंत अस्पताल पहुंचाया। वहीं इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
तीन गुलदारों की सक्रियता
जिसके बाद परिजनों ने डर के मारे बच्चों को घरों के भीतर कैद कर दिया है, वहीं महिलाओं का बाहर निकलना और बच्चों का स्कूल जाना दूभर हो गया है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि पिछले कई दिनों से नगर क्षेत्र में तीन गुलदार एक साथ बेखौफ घूमते देखे जा रहे हैं। इसके बावजूद वन विभाग कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग के प्रति रोष जताते हुए क्षेत्र में तुरंत पिंजरा लगाने और रात्रि गश्त बढ़ाने की पुरजोर मांग की है।