अल्मोड़ा: साइबर ठगी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए अल्मोड़ा पुलिस ने एक संदिग्ध ‘म्यूल अकाउंट’ के मामले में अज्ञात आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
जानें क्या है मामला
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक साइबर सेल की जांच में सामने आया है कि सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की स्थानीय शाखा में संचालित इस खाते से महज दो दिनों के भीतर एक करोड़ रुपये से अधिक का संदिग्ध लेन-देन किया गया है। साथ ही, इस खाते के खिलाफ राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर देश के विभिन्न राज्यों से 16 शिकायतें भी दर्ज हैं। साइबर सेल से प्राप्त सूचना के आधार पर धारानौला चौकी प्रभारी ने बैंक खाते की गहन छानबीन की। जांच में पता चला कि यह खाता हरीश सिंह बिष्ट (निवासी देघाट, हाल निवासी दुगालखोला) के नाम पर इसी साल 23 जून को खोला गया था। बैंक स्टेटमेंट के मुताबिक, 16 और 17 जुलाई के बीच इस खाते में एक करोड़ रुपये से अधिक की रकम आई और भेजी गई। हालांकि, जांच के समय खाते में केवल 2.78 लाख रुपये ही शेष बचे थे। पूछताछ के दौरान खाताधारक इतनी भारी-भरकम राशि के लेन-देन को लेकर संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।
मुकदमा दर्ज
पुलिस का कहना है कि बैंक अभिलेखों, डिजिटल साक्ष्यों और एनसीआरपी शिकायतों के आधार पर यह स्पष्ट है कि इस खाते का इस्तेमाल साइबर ठगी से अर्जित अवैध रकम के लेन-देन के लिए किया गया था। मामले में सुनियोजित आपराधिक षड्यंत्र, धोखाधड़ी, अपराध से जुड़ी राशि छिपाने और पहचान के दुरुपयोग की धाराओं के तहत कोतवाली अल्मोड़ा में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।