अल्मोड़ा: जिले में भारी बारिश और संभावित आपदा की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है।
बैठक का आयोजन
जिस पर जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने उपजिलाधिकारियों और नगर आयुक्त के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर जनपद में आपदा प्रबंधन की तैयारियों और सड़कों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने सभी अधिकारियों को हाई अलर्ट मोड पर रहने और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भूस्खलन संभावित और संवेदनशील इलाकों में लगातार गश्त और निगरानी रखी जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जोखिम वाले भवनों का समय रहते सुरक्षा आकलन किया जाए। यदि किसी भवन में खतरा दिखता है, तो उसे तुरंत खाली कराकर वहां रह रहे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया जाए ताकि जनहानि को रोका जा सके। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि क्षेत्र से मिलने वाली किसी भी आपदा संबंधी सूचना पर तुरंत एक्शन लिया जाए।
बंद सड़कों को तुरंत खोलने के लिए मशीनरी तैनात
सड़कों की स्थिति की समीक्षा करते हुए डीएम ने सभी उपजिलाधिकारियों को कार्यदायी संस्थाओं (PWD, NH आदि) के साथ समन्वय बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारिश के कारण मार्ग अवरुद्ध होने की दशा में सड़कों को तुरंत खोलने के लिए जेसीबी और आवश्यक मशीनरी की व्यवस्था सुनिश्चित रहे। साथ ही, आमजन को यातायात की सही स्थिति की जानकारी समय-समय पर दी जाए।
रहे मौजूद
समीक्षा बैठक में नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा, उपजिलाधिकारी जसमीत कौर और जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी विनीत पाल भौतिक रूप से मौजूद रहे, जबकि जिले के अन्य सभी उपजिलाधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े।