Site icon Khabribox

अल्मोड़ा: सोमेश्वर में उमड़े जनसैलाब को देख भावुक हुईं मंत्री रेखा आर्या, बोली- “जनता का विश्वास मेरी सबसे बड़ी पूंजी, राजनीति का उद्देश्य पद नहीं बल्कि सेवा है”

​सोमेश्वर (अल्मोड़ा): सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित एक विशाल जनसभा एवं धन्यवाद रैली के दौरान कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक रेखा आर्या जनसमर्थन देखकर भावुक हो गईं।

जनसमर्थन से हुई भावुक

इस रैली में हजारों की संख्या में पहुंचे पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और मातृशक्ति ने मंत्री रेखा आर्या को अपना भरपूर स्नेह, समर्थन और आशीर्वाद दिया। जनता के इस अपार उत्साह से अभिभूत होकर कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि विषम परिस्थितियों में भी क्षेत्र की जनता ने उनके प्रति जो प्रेम, विश्वास और अपनापन दिखाया है, वह उनके जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने कहा, “क्षेत्र की जनता ने मुझे अपनी बेटी मानकर जो विश्वास जताया है, मैं हमेशा उस पर खरी उतरने का प्रयास करती रहूंगी। सोमेश्वर का विकास और जनता की सेवा ही मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”

​कांग्रेस पर बोला तीखा हमला

कांग्रेस पर कड़ा प्रहार करते हुए मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि विपक्ष आज उनकी परिस्थितियों को लेकर अनर्गल बयानबाजी कर रहा है। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि कांग्रेस को दूसरों पर सवाल उठाने से पहले अपने कार्यकाल का हिसाब देना चाहिए और अपने गिरेबान में झांक कर देखना चाहिए कि उनके शासनकाल में कितने घोटाले हुए। उन्होंने कहा कि केवल राजनीतिक बयानबाजी और निराधार आरोपों से जनता का विश्वास नहीं जीता जा सकता। जनता भली-भांति जानती है कि किसने क्षेत्र के लिए क्या काम किया है।

​चुनौतियों से डरने वाली नहीं

रेखा आर्या ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि विपक्ष के निराधार सवालों और बाधाओं से उनकी जनसेवा की प्रतिबद्धता कम होने वाली नहीं है। उनके लिए राजनीति का मतलब केवल पद प्राप्ति नहीं, बल्कि जनसेवा और क्षेत्र का सर्वांगीण विकास है। रास्ते में कितनी भी चुनौतियां क्यों न आएं, वे जनता के हितों के लिए हमेशा डटी रहेंगी।
​
रहें उपस्थित

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष महेश नयाल, सोमेश्वर मंडल अध्यक्ष सुन्दर राणा, गणेश जलाल, दीपक बोरा, हरीश परिहार, जिला मंत्री वंदना आर्या, पूर्व मंडल अध्यक्ष खड़क सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष अंजलि जोशी, ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष दिनेश वर्मा, विश्व हिन्दू महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष राजू रावत, गणेश रोतेला सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Exit mobile version