अल्मोड़ा: जनपद में बच्चों के स्वास्थ्य और बेहतर भविष्य के लिए ‘राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस’ की तैयारियां तेज हो गई हैं। सोमवार को जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने कलेक्ट्रेट में संबंधित विभागों की बैठक लेते हुए अभियान को सफल बनाने के कड़े निर्देश जारी किए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपद का कोई भी पात्र बच्चा दवा के सेवन से वंचित नहीं रहना चाहिए।
इन बच्चों को दी जाएगी एल्बेंडाजोल
डीएम ने स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग को निर्देशित किया कि 7 मई को जिले के सभी 1 वर्ष से 19 वर्ष तक के बच्चों को एल्बेंडाजोल की दवा अनिवार्य रूप से खिलाई जाए। यह अभियान निम्नलिखित केंद्रों पर संचालित होगा। सभी सरकारी एवं निजी विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र व अन्य शैक्षणिक व प्रशिक्षण संस्थान शामिल हैं।
प्रशासन ने उन बच्चों का भी विशेष ध्यान रखा है जो किसी कारणवश 7 मई को दवा नहीं ले पाएंगे। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जो बच्चे मुख्य अभियान के दिन दवा लेने से छूट जाएंगे, उन्हें 14 मई को ‘मॉप-अप’ दिवस के अवसर पर अनिवार्य रूप से दवा दी जाएगी।
विभागीय समन्वय और निगरानी पर जोर
बैठक के दौरान डीएम ने अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार और दवा की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा और बाल विकास विभाग को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए ताकि निगरानी व्यवस्था सुदृढ़ रहे।
रहें उपस्थित
बैठक में प्रभारी मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अरविंद पांगती, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. योगेश पुरोहित, शिक्षा एवं बाल विकास सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
अल्मोड़ा: 7 मई को मनाया जाएगा राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस, डीएम ने दिए यह निर्देश