अल्मोड़ा: 06 सितंबर को कांग्रेस विचार मंच की राष्ट्रीय गोष्ठी, कैप्टन प्रवीण डावर के आगमन को लेकर जिला कार्यकारिणी ने बनाई रणनीति, हुई यह चर्चा
अल्मोड़ा: आगामी 6 सितंबर को कांग्रेस विचार मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष कैप्टन प्रवीण डावर अल्मोड़ा आगमन पर आ रहें हैं। उनके आगमन और संवाद कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर रविवार (23 अगस्त) को जिला कांग्रेस कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक का आयोजन
इस बैठक की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने की, जबकि संचालन विचार मंच के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार जोशी ने किया। इस बैठक में तय किया गया कि 6 सितंबर के कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष कैप्टन प्रवीण डावर समाज के विभिन्न वर्गों, बुद्धिजीवियों और स्थानीय नागरिकों से सीधा संवाद करेंगे। इस संवाद से प्राप्त सुझावों के आधार पर भविष्य के कार्यक्रमों और नीतियों की रूपरेखा तैयार की जाएगी।
पलायन, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार पर फोकस
जिला अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने बताया कि वर्तमान परिदृश्य में बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद और पर्यावरणीय संसाधनों का अंधाधुंध दोहन आम जनता के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा ही जन-सामान्य की आवाज है। आगामी कार्यक्रम में पार्टी के सभी घटक संगठनों और आम जनता को आमंत्रित कर रोजगार तथा पलायन जैसे ज्वलंत मुद्दों पर व्यापक विचार-विमर्श किया जाएगा।
रहें उपस्थित
इस बैठक में वरिष्ठ कांग्रेसी आनंद सिंह बगड़वाल, ताराचंद्र शाह, अख्तर हुसैन, निर्मला कांडपाल, बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष अशोक रावत, नारायण दत्त पांडे, संजय भाटिया, जितेंद्र तिलारा, पंकज मेर, संजय कुमार, कृष्ण चंद जोशी, परितोष जोशी, सुशील बराकोटी, ललित मोहन जोशी, योगेश चंद्र जोशी, शेखर सिजवाली और हरीश चंद्र उप्रेती समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।