Site icon Khabribox

अल्मोड़ा: जनहित के कार्यों में बर्दाश्त नहीं कोताही, अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे सरकारी योजनाओं का लाभ: राज्यमंत्री भावना मेहरा

अल्मोड़ा: उत्तराखंड सरकार में राज्यमंत्री (दर्जा प्राप्त) व आवास सलाहकार परिषद की उपाध्यक्ष भावना मेहरा ने बुधवार को अल्मोड़ा सर्किट हाउस में विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। इससे पूर्व, सर्किट हाउस पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने राज्यमंत्री भावना मेहरा का फूल-मालाएं पहनाकर और बुके भेंट कर भव्य स्वागत किया।

दिए यह निर्देश

इस बैठक में उन्होंने जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण, नगर निगम और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ विकास योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया और जनहित से जुड़े कार्यों को हर हाल में प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। बैठक को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री भावना मेहरा ने अधिकारियों को दोटूक निर्देश दिए कि विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभाग आपसी तालमेल (समन्वय) बेहतर करें, ताकि जनता की फाइलों और समस्याओं का त्वरित निस्तारण हो सके। लोगों को अपने छोटे-छोटे कामों के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें।

​अंतिम छोर के व्यक्ति तक पहुंचे लाभ

​उन्होंने अधिकारियों से संवेदनशील और जिम्मेदार रवैया अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप प्रत्येक जनकल्याणकारी योजना का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े पात्र व्यक्ति तक समय पर पहुंचना चाहिए। इसके लिए सभी विभागों को पूरी गंभीरता से काम करना होगा और योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करनी होगी।

Exit mobile version