Site icon Khabribox

अल्मोड़ा: यहां झाड़ियों में मिला नवजात का शव, अस्पताल में जन्म की आशंका से गहराया रहस्य

अल्मोड़ा: धौलादेवी ब्लॉक के बाराकूना गांव में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब ग्रामीणों को झाड़ियों में एक नवजात शिशु का शव बरामद हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

महिलाओं ने देखा शव

​मिली जानकारी के अनुसार आज बुधवार को बाराकूना गांव की कुछ महिलाएं घास काटने के लिए जंगल की ओर जा रही थीं। इसी दौरान खेती रोड से करीब 50 मीटर दूर जंगल की झाड़ियों में उन्हें एक नवजात का शव दिखाई दिया। महिलाओं के शोर मचाने पर भारी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा भरा और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

अस्पताल में जन्म के संकेत

​जांच के दौरान एक महत्वपूर्ण सुराग पुलिस के हाथ लगा है कि नवजात की नाभि पर क्लिप लगी हुई मिली है। इससे यह प्रबल अंदेशा जताया जा रहा है कि बच्चे का जन्म किसी सरकारी या निजी अस्पताल में हुआ है। पुलिस के मुताबिक शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है। नाभि पर क्लिप मिलने से साफ है कि प्रसव किसी स्वास्थ्य केंद्र में हुआ है। हम आसपास के अस्पतालों और आशा कार्यकर्ताओं से रिकॉर्ड खंगाल रहे हैं।

लोक-लाज या मजबूरी?

​ग्रामीणों के बीच यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि संभवतः लोक-लाज के डर से किसी अविवाहिता ने या फिर किसी अन्य मजबूरी के चलते बच्चे को जन्म के बाद यहां फेंक दिया। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हाल ही में किन अस्पतालों में प्रसव हुए हैं और वहां से डिस्चार्ज हुए बच्चों की स्थिति क्या है।

Exit mobile version