Site icon Khabribox

अल्मोड़ा: बाघ की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत, कुछ दिन पहले महिला को‌ बनाया था शिकार

अल्मोड़ा से जुड़ी खबर सामने आई है। अल्मोड़ा में रामनगर-कालागढ़ टाइगर रिजर्व की सीमा से सटे अल्मोड़ा वन प्रभाग की जौरासी रेंज में एक बाघ की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है।

संदिग्ध परिस्थितियों में मिला बाघ का शव

मिली जानकारी के अनुसार इस संबंध में अल्मोड़ा डीएफओ हिमांशु बागड़ी ने बताया बाघ का शव शनिवार सुबह ही वनकर्मियों को मिला। बाघ की मौत कैसे हुई है, इसकी जांच की जा रही है। वहीं बाघ के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए रामनगर कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के ढेला रेस्क्यू सेंटर भेजा गया है।

कुछ दिन पूर्व महिला को‌ उतारा था मौत के घाट

दरअसल अल्मोड़ा जिले के मर्चूला इलाके में तीन दिन पूर्व जंगल में घास लेने गई कमला देवी को एक बाघ ने अपना निवाला बना लिया था। जिससे नाराज ग्रामीणों ने वन विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए बाघ को कैद करने की मांग की थी। वहीं शनिवार जंगल में बाघ का शव मिला है। जिसमें यह भी कयास लगाए जा रहे हैं कि मरने वाला बाघ आदमखोर बाघ हो सकता है जिसने महिला को मौत के घाट उतारा था। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही बाघ की मौत के कारणों का पता चल पाएगा।

Exit mobile version