अल्मोड़ा: राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 309A (कनगाडछीना से अल्मोड़ा) के दो लेन चौड़ीकरण कार्य में अधिग्रहीत की गई भूमि का मुआवजा वितरण अब और भी सुगम होगा। जिला प्रशासन ने प्रभावित काश्तकारों को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से भुगतान सुनिश्चित करने के लिए कमर कस ली है।
टीमों का गठन
इसके तहत संबंधित 18 गांवों के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है, जो सीधे गांव पहुंचकर दस्तावेजों का सत्यापन करेंगी। अपर जिलाधिकारी (ADM) युक्ता मिश्र ने बताया कि गठित टीमें निर्धारित रोस्टर के अनुसार गांवों में जाकर उन व्यक्तियों का सत्यापन करेंगी जिनकी भूमि अधिग्रहण के दायरे में आई है। मुआवजा प्रक्रिया को तेज करने के लिए काश्तकारों से मौके पर ही निम्नलिखित दस्तावेज एकत्र किए जाएंगे।
• बैंक पासबुक की छायाप्रति
• आधार कार्ड एवं पैन कार्ड
• भूमि अभिलेख (खतौनी आदि)
• नवीनतम फोटोग्राफ
•
प्रशासन की पहल
ADM ने स्पष्ट किया कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य प्रभावित लोगों को दफ्तरों के चक्कर काटने से बचाना है। उन्होंने कहा कि हमने ग्रामवार तिथियां निर्धारित कर रोस्टर जारी कर दिया है ताकि काश्तकारों को उनके घर के पास ही सुविधा मिल सके और मुआवजा वितरण में कोई देरी न हो।
मुआवजा शिविरों का विस्तृत शेड्यूल (रोस्टर)
प्रशासन द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार टीमें निम्नलिखित तिथियों पर संबंधित क्षेत्रों में मौजूद रहेंगी।
📌📌पटवारी क्षेत्र शैलगुंठ ( सम्मिलित ग्राम – शैलगुंठ, सुनार खोला तथा घुरसौंगूंठ) के लिए 9 एवं 10 अप्रैल 2026 की तिथि निर्धारित की गई है।
📌📌पटवारी क्षेत्र पाखुडा (सम्मिलित ग्राम- गधोली तथा मैंचौड) के लिए 13 अप्रैल 2026 को कैंप आयोजित होगा।
📌📌पटवारी क्षेत्र भेटूली ( सम्मिलित ग्राम ज़ाखसोडा, भेटूली व कोट्यूड़ा) के लिए 15 अप्रैल को कैंप आयोजित किया जाएगा।
📌📌पटवारी क्षेत्र भैंसोडी (भैंसोडी, ईनाकोट, बसोली व भकुना) के लिए 16 एवं 17 अप्रैल की तिथि निर्धारित की गई है।
📌📌पटवारी क्षेत्र अमखोली (अमखोली, मेहरखोला, डोटियाल गांव, पंतगांव तथा बीना गांव) के लिए 21, 22 एवं 23 अप्रैल 2026 को कैंप आयोजित किया जाएगा।
📌📌पटवारी क्षेत्र पांडेखोला (पांडेखोला शहरी क्षेत्र) के लिए 24 एवं 25 अप्रैल 2026 को कैंप आयोजित किया जाएगा।
की यह अपील
जिला प्रशासन ने सभी प्रभावित ग्रामीणों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि पर अपने आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर सत्यापन एवं अभिलेख संकलन की प्रक्रिया में सहयोग करें, ताकि मुआवजा वितरण कार्य समय से पूर्ण किया जा सके।