अल्मोड़ा से जुड़ी खबर सामने आई है। अल्मोड़ा के जिला अस्पताल में अब पर्चियों पर स्वतंत्रता सेनानियों पंडित हर गोविंद पंत और विक्टर मोहन जोशी का नाम स्थायी रूप से अंकित कर दिया गया है।
पर्चियों से इन दोनों महापुरुषों का नाम किया अंकित

दरअसल यहां पिछले वर्ष महिला अस्पताल के जिला अस्पताल में विलय के बाद, अस्पताल की पर्चियों से इन दोनों महापुरुषों का नाम गायब हो गया था। जिसके बाद इस त्रुटि को किसी ने गंभीरता से नहीं लिया, लेकिन स्वतंत्रता सेनानी विक्टर मोहन जोशी की 85वीं पुण्यतिथि के अवसर पर संजय पाण्डे ने यह मुद्दा विक्टर मोहन जोशी स्मारक समिति और अस्पताल प्रबंधन के समक्ष उठाया। अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एच.सी. गड़कोटी ने इस गलती को स्वीकारते हुए इसे अनजाने में हुई त्रुटि बताया और तत्काल सुधार का आश्वासन दिया। पर्चियों पर केवल मुहर लगाकर नाम अंकित किया गया था। लेकिन अब प्रशासन ने पर्चियों पर स्थायी रूप से इन दोनों स्वतंत्रता सेनानियों के नाम अंकित कर दिए हैं। इस बदलाव के पीछे सामाजिक कार्यकर्ता संजय पाण्डे के प्रयास और प्रतिबद्धता रही।
जताया आभार

जिस पर संजय पाण्डे ने इस ऐतिहासिक सुधार पर खुशी जताते हुए कहा, यह केवल एक नाम भर नहीं है, बल्कि यह हमारी स्वतंत्रता संग्राम की धरोहर और इन सेनानियों के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है।” इस सुधार के लिए उन्होंने अस्पताल प्रबंधन और डॉ. गड़कोटी का आभार व्यक्त किया।