अल्मोड़ा: देवभूमि में लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर हमले की एक शर्मनाक घटना सामने आई है। अल्मोड़ा स्थित ‘मां अम्बे इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग’ के प्रबंधक संदीप ठाकुर द्वारा कवरेज के दौरान वरिष्ठ पत्रकारों के साथ की गई अभद्रता और हमले के प्रयास ने पूरे प्रदेश के पत्रकार जगत में आक्रोश भर दिया है।
कहीं यह बात
जिस पर नेशनलिस्ट यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (NUJ) ने इसे प्रेस की स्वतंत्रता का गला घोंटने वाला ‘कुत्सित प्रयास’ करार दिया है। बताया कि घटना उस समय की है जब नर्सिंग कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने प्रबंधन पर शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए थे। इस मामले की जांच के लिए पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। इसी दौरान वरिष्ठ पत्रकार किशन जोशी जब निष्पक्षता के साथ प्रबंधक संदीप ठाकुर का पक्ष जानने की कोशिश कर रहे थे, तभी प्रबंधक ने अपना आपा खो दिया। आरोप है कि पुलिस की मौजूदगी में ही संदीप ठाकुर ने पत्रकार की माइक आईडी और कैमरा छीनने का प्रयास किया और अभद्रता की। जब उसने शारीरिक हमला करने की कोशिश की, तो वहां मौजूद पत्रकार मोहित अधिकारी और अभिषेक साह ने बीच-बचाव कर उसे रोका।
DGP को भेजा पत्र
यूनियन की प्रदेश अध्यक्ष दया जोशी ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस महानिदेशक (DGP) और पुलिस अधीक्षक (SP) अल्मोड़ा को पत्र भेजकर आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने दो टूक कहा कि मीडियाकर्मियों को बलपूर्वक दबाने की कोशिश निंदनीय है। पत्रकारों पर हमला करने की नीयत रखने वाले अराजक तत्वों के लिए समाज में कोई स्थान नहीं है। जब तक आरोपी के हाथों में हथकड़ी नहीं लगती, हमारा विरोध जारी रहेगा।
पूरे प्रदेश में उग्र आंदोलन की चेतावनी
इस घटना को लेकर उत्तराखंड के सभी जिलों—बागेश्वर, चंपावत, देहरादून, पौड़ी, पिथौरागढ़, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर और हरिद्वार—के पत्रकारों में भारी रोष है। यूनियन के संरक्षक त्रिलोक चन्द्र भट्ट और महासचिव गोपालदत्त गुरूरानी सहित पूरी प्रदेश कार्यकारिणी ने एक सुर में चेतावनी दी है कि यदि आरोपी प्रबंधक के खिलाफ अविलंब कड़ी कानूनी कार्यवाही नहीं हुई, तो यूनियन पूरे प्रदेश में उग्र आंदोलन शुरू करेगी।
जताई नाराजगी
निंदा करने वालों में मुख्य रूप से उपाध्यक्ष दीपक पाठक, सुनील शर्मा, सचिव जगदीश उपाध्याय, पुष्पेंद्र राणा, संगठन मंत्री गिरीश सिंह बिष्ट, कोषाध्यक्ष हरपाल सिंह और विभिन्न जिलों के प्रभारी शामिल रहे।
अल्मोड़ा: नर्सिंग कॉलेज प्रबंधक की गुंडागर्दी, पत्रकारों पर हमले से भड़का NUJ, DGP से की यह मांग