Site icon Khabribox

अल्मोड़ा: सीएम की घोषणाओं को धरातल पर उतारें अधिकारी, लापरवाही पर गिरेगी गाज: डीएम

अल्मोड़ा: जनपद में मुख्यमंत्री द्वारा की गई विकास योजनाओं की कछुआ चाल पर जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाया है।

बैठक का आयोजन

जिस पर आज सोमवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने अधिकारियों को दो-टूक शब्दों में चेतावनी दी कि कार्यों में अनावश्यक देरी या गुणवत्ता से समझौता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिलाधिकारी ने 4 जुलाई 2021 से लेकर अब तक की गई सभी मुख्यमंत्री घोषणाओं की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि विकास कार्य केवल सरकारी फाइलों और पोर्टल तक सीमित नहीं रहने चाहिए, बल्कि उनका लाभ अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति को मिलना चाहिए। डीएम ने निर्देश दिए कि अधिकारी केवल ऑफिस में न बैठें, बल्कि स्वयं स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की वास्तविकता की जांच करें।

​दिए यह निर्देश

लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए और निर्माणाधीन परियोजनाओं में तेजी लाई जाए।प्रत्येक विभाग अपनी योजनाओं की भौतिक और वित्तीय प्रगति की रिपोर्ट नियमित रूप से निर्धारित पोर्टल पर अपडेट करे। डीएम ने टीम वर्क पर जोर देते हुए कहा कि विभाग आपस में तालमेल बिठाएं ताकि तकनीकी बाधाओं को तुरंत दूर कर योजनाओं को समय से पूरा किया जा सके। जिन विभागों की प्रगति धीमी पाई गई, उन्हें तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए गए। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई के संकेत भी दिए गए।

रहें उपस्थित

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी रेणु भंडारी सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Exit mobile version