Site icon Khabribox

अल्मोड़ा: लौह पुरुष की 150वीं जयंती पर अल्मोड़ा पुलिस की खास पहल, डिजिटल तकनीक से स्कूली बच्चों को बताएं सुरक्षा के पाठ

साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा, सड़क सुरक्षा, नशा मुक्ति एवं नवीन कानूनों की दी विस्तृत जानकारी

अल्मोड़ा: अल्मोड़ा में एसएसपी चंद्रशेखर घोडके के निर्देशन में भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में अल्मोड़ा पुलिस द्वारा जनपद भर में व्यापक जन-जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। विद्यालयों, नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर युवाओं और आमजन को सुरक्षा एवं सामाजिक सरोकारों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की जा रही हैं।

पुलिस का जागरूकता अभियान

इसी क्रम में आज दिनांक 30.05.2026 को जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली अल्मोड़ा के नेतृत्व में चौकी प्रभारी धारानौला आनन्द बल्लभ कश्मीरा द्वारा स्प्रिंग डेल्स स्कूल, धारानौला में तथा प्रभारी निरीक्षक महिला कोतवाली के नेतृत्व में अपर उपनिरीक्षक बीना दोसाद, महिला कांस्टेबल तुलसी गोस्वामी एवं होमगार्ड ललिता रौतेला द्वारा विवेकानंद इंटर कॉलेज, अल्मोड़ा में छात्र-छात्राओं को जागरूक किया गया।‌ कार्यक्रम के दौरान आधुनिक डिजिटल एवं वर्चुअल रियलिटी तकनीक के माध्यम से विद्यार्थियों को सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन, उनके राष्ट्र निर्माण में योगदान, राष्ट्रीय एकता के महत्व तथा विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। विद्यार्थियों ने इस प्रस्तुति में विशेष रुचि दिखाई और राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता के संदेश को आत्मसात किया।
अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों द्वारा साइबर अपराधों के बढ़ते खतरों के प्रति विद्यार्थियों को सचेत करते हुए डिजिटल अरेस्ट, क्यूआर कोड स्कैम, ओटीपी फ्रॉड, एटीएम धोखाधड़ी, फिशिंग, फर्जी लिंक एवं ऑनलाइन ठगी के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी गई। साथ ही ऐसे अपराधों से बचाव के उपाय बताते हुए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 के उपयोग के बारे में विस्तार से बताया गया।

दी यह जानकारी

इसके अतिरिक्त छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभाव, बाल विवाह की सामाजिक बुराइयों, महिला एवं बाल अपराधों की रोकथाम, मानव तस्करी (ह्यूमन ट्रैफिकिंग), सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के पालन के महत्व के बारे में भी जागरूक किया गया। उत्तराखण्ड पुलिस एप एवं गौरा शक्ति एप की उपयोगिता और महिलाओं की सुरक्षा में उनकी भूमिका पर भी प्रकाश डाला गया। पुलिस टीम द्वारा नवीन आपराधिक कानूनों की महत्वपूर्ण जानकारी साझा करते हुए विभिन्न आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों डायल-112, साइबर हेल्पलाइन-1930, चाइल्ड हेल्पलाइन-1098 तथा आपदा हेल्पलाइन-1070 की जानकारी भी दी गई।

Exit mobile version