Site icon Khabribox

अल्मोड़ा: लमगड़ा में पेयजल संकट और अधूरे हाईटेक शौचालय को लेकर फूटा गुस्सा, देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल ने डीएम को सौंपा ज्ञापन

अल्मोड़ा: अल्मोड़ा में देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल लमगड़ा ने क्षेत्र की दो प्रमुख जनसमस्याओं—आधी बाजार में पेयजल संकट एवं लमगड़ा बाजार में वर्षों से अधूरे पड़े हाईटेक शौचालय—को लेकर जिलाधिकारी अल्मोड़ा को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र समाधान की मांग की है।

की यह मांग

ज्ञापन में कहा गया है कि जल संस्थान द्वारा पूर्व में यह बताया गया था कि पुरानी पेयजल लाइन में अवैध कनेक्शन होने के कारण ऊपरी बाजार तक पानी का पर्याप्त दबाव नहीं पहुंच पा रहा है। इसके समाधान के लिए नई लाइन बिछाने की बात कही गई थी, लेकिन नई लाइन को उस स्थान पर जोड़ दिया गया जहां पहले से पानी की कोई समस्या नहीं थी। व्यापार मंडल का आरोप है कि इसके बावजूद ऊपरी बाजार के लोगों को आज भी पर्याप्त पेयजल उपलब्ध नहीं हो रहा है और लोगों को प्राकृतिक जल स्रोतों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। इसके साथ ही व्यापार मंडल ने लमगड़ा बाजार में निर्माणाधीन हाईटेक शौचालय का मुद्दा भी उठाया। ज्ञापन में कहा गया कि शौचालय का निर्माण कार्य लंबे समय से अधूरा पड़ा हुआ है, जिससे स्थानीय व्यापारियों, महिलाओं, बुजुर्गों एवं बाजार आने वाले यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। अधूरी परियोजना के कारण बाजार क्षेत्र की स्वच्छता व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है तथा लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ रही है।

दी चेतावनी

व्यापार मंडल ने जिलाधिकारी से दोनों मामलों की जांच कर संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी करने तथा पेयजल व्यवस्था एवं हाईटेक शौचालय के निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्र की जनता और व्यापारी आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।

रहें उपस्थित

ज्ञापन सौंपने के दौरान देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल लमगड़ा के अध्यक्ष शुभम कपकोटी सहित दीपक तिवारी, दिनेश जोशी, रहीश अहमद, पप्पू नैनवाल एवं आदिल अहमद उपस्थित रहे।

Exit mobile version