अल्मोड़ा: सोबन सिंह जीना परिसर (एसएसजे परिसर), अल्मोड़ा के छात्राओं के छात्रावासों में व्याप्त विभिन्न बुनियादी समस्याओं को लेकर छात्रसंघ छात्रा उपाध्यक्ष रश्मि पांडे के नेतृत्व में प्रदेश के शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत को ज्ञापन सौंपा गया है।
सौंपा ज्ञापन
इस ज्ञापन के माध्यम से जियारानी छात्रावास, शैलजा छात्रावास और न्यू गर्ल्स छात्रावास में रह रही छात्राओं की गंभीर समस्याओं के त्वरित निस्तारण की मांग की गई है। छात्राओं ने ज्ञापन में कहा कि छात्रावासों की स्थिति दिन-ब-दिन खराब होती जा रही है, जिससे उनके अध्ययन और स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ रहा है।
ज्ञापन में उठाई गईं यह मांगें
• कमरों का नवीनीकरण: जर्जर हो चुके कमरों, दीवारों, फर्श, दरवाजों और खिड़कियों की तत्काल मरम्मत कराई जाए।
• जल संकट व टंकियों की सफाई: पानी की अनियमित आपूर्ति को सुधारा जाए तथा पुरानी व गंदी पानी की टंकियों की नियमित सफाई और रखरखाव सुनिश्चित किया जाए।
• सफाई व्यवस्था व मैस का खाना: पर्याप्त संख्या में सफाई कर्मचारियों की तैनाती हो। साथ ही मैस में परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता सुधारकर स्वच्छ और पौष्टिक भोजन दिया जाए।
• सीलन की समस्या और फीस बढ़ोतरी पर रोक: कमरों में सीलन के कारण स्वास्थ्य संबंधी खतरे बढ़ रहे हैं, जिसका समाधान तुरंत किया जाए। इसके अलावा, आर्थिक रूप से कमजोर छात्राओं को राहत देने के लिए छात्रावास फीस में प्रस्तावित या की जा रही बढ़ोतरी पर रोक लगाई जाए।
रहें मौजूद
इस दौरान रश्मि पांडे, अंकिता कपिल, जिज्ञासा नेगी, रश्मि बोरा, निधि अधिकारी, कशिश अधिकारी, दिव्या और प्रिया नेगी (पिहू) समेत कई छात्राओं ने एक सुर में प्रशासन और सरकार से इन समस्याओं पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है, ताकि छात्राओं को बेहतर और सुरक्षित शैक्षणिक माहौल मिल सके।