Site icon Khabribox

अल्मोड़ा: ‘जन-जन की सरकार’ के शिविर में उमड़े 1150 से अधिक लोग, डीएम की पहल से आमजन को घर बैठे मिलीं सरकारी सेवाएं

अल्मोड़ा:अल्मोड़ा जिले के द्वाराहाट स्थित जनता उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गोलूछाना में आज शुक्रवार को बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया।

बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन

जिसमें ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत लगे इस शिविर में 1150 से अधिक लोगों ने सरकारी योजनाओं का लाभ उठाया। शिविर में पहुंचे जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने स्वयं आमजन की फरियाद सुनीं। शिविर में कुल 96 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से अधिकांश का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए डीएम ने स्पष्ट कहा कि समस्याओं का समाधान केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से अंतिम व्यक्ति तक इसका लाभ पहुंचना चाहिए।

योजनाओं की मिली सौगात

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए थे, जहाँ लोगों ने योजनाओं की जानकारी लेने के साथ उनका लाभ लिया।आधार कार्ड नामांकन और संशोधन के लिए केंद्र पर दिन भर भीड़ रही। मौके पर ही श्रमिकों के कार्ड बनाए गए। तीन लाभार्थियों को ‘महालक्ष्मी किट’ भेंट की गई। छह पशुपालकों को स्वच्छ दुग्ध उत्पादन किट दी गई।‌ तालाब निर्माण के लिए दो लाभार्थियों को 1 लाख रुपये से अधिक की धनराशि के चेक वितरित किए गए।

सरकार जनता के द्वार

बागवानी विकास परिषद के उपाध्यक्ष देवेंद्र सिंह ढेला ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार का प्रयास है कि ‘सबका साथ, सबका विकास’ का मंत्र धरातल पर उतरे। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविर ग्रामीण अंचलों में निवासरत लोगों के लिए वरदान साबित हो रहे हैं।

रहें उपस्थित

इस अवसर पर उत्तराखंड पलायन निवारण आयोग के सदस्य अनिल सिंह साही, उपजिलाधिकारी सुनील कुमार राज, परियोजना निदेशक के एन तिवारी, खंड विकास अधिकारी निवेदिता खुल्बे सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

Exit mobile version