अल्मोड़ा: अल्मोड़ा के जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने आज शुक्रवार को पातालदेवी स्थित अल्मोड़ा हैंडलूम स्वयं सहायता समूह की उत्पादन इकाई का औचक निरीक्षण किया।
दिए जरूरी निर्देश
इस दौरान उन्होंने वहां काम कर रहीं महिला बुनकरों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं, कच्चे माल की उपलब्धता और उत्पादों के विपणन (मार्केटिंग) से जुड़ी जानकारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने महिला बुनकरों के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें पेश आ रही कठिनाइयों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रशासन बुनकरों की हरसंभव मदद के लिए तत्पर है और संबंधित अधिकारियों को उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश भी दिए गए हैं।
पातालदेवी क्षेत्र को पर्यटन कॉम्प्लेक्स के रूप में विकसित करने की तैयारी
अल्मोड़ा में पर्यटन को बढ़ावा देने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए द्वार खोलने के लिए जिला प्रशासन ने एक बड़ा कदम उठाया है। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि पातालदेवी क्षेत्र को एक भव्य पर्यटन कॉम्प्लेक्स के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए जल्द ही ‘रुचि की अभिव्यक्ति’ (एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट) आमंत्रित की जाएगी। प्राप्त प्रस्तावों के आधार पर इस क्षेत्र में साहसिक पर्यटन (एडवेंचर टूरिज्म) और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों को शुरू करने की रूपरेखा तैयार की जाएगी।
रोजगार के बढ़ेंगे नए अवसर
प्रशासन की इस पहल का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र की पर्यटन क्षमताओं का भरपूर उपयोग करना है, जिससे स्थानीय युवाओं और महिला स्वयं सहायता समूहों को स्वरोजगार के बेहतरीन अवसर मिल सकें। साथ ही, इससे स्थानीय हस्तकरघा उत्पादों को एक बड़ा और बेहतर बाजार भी उपलब्ध हो सकेगा।
रहें मौजूद
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा, प्रभारी महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र शुभम तोमर समेत कई अन्य अधिकारी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।