Site icon Khabribox

अल्मोड़ा: पुलिस की कार्यवाही: बैंक को 19 लाख का चूना लगाने वाला जालसाज गिरफ्तार, लोक निर्माण विभाग का क्लर्क निकला आरोपी

अल्मोड़ा: अल्मोड़ा में बैंक के साथ लाखों की धोखाधड़ी करने वाले एक अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने लोक निर्माण विभाग का वरिष्ठ सहायक बनकर जाली दस्तावेजों के सहारे बैंक से 19 लाख रुपये का ऋण हासिल किया था।

जानेंक्या है पूरा मामला

बीते वर्ष 4 नवंबर 2025 को उत्तराखंड राज्य सहकारी बैंक लिमिटेड, अल्मोड़ा शाखा के प्रबंधक समीर भटनाकर ने कोतवाली में तहरीर दी थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि हिमांशु कुमार नामक व्यक्ति ने खुद को लोक निर्माण विभाग के प्रथम वृत्त का अधीक्षण अभियन्ता बताकर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर 19 लाख रुपये की क्रेडिट लिमिट स्वीकृत कराई और बाद में क्रेडिट कार्ड के माध्यम से यह राशि हड़प ली।
​इस तहरीर के आधार पर कोतवाली अल्मोड़ा में FIR नंबर 94/2025 (धारा 318(4)/61(2) बीएनएस) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस की टीम ने अथक प्रयास और सुरागरसी के बाद आरोपी हिमांशु कुमार (31) को चम्पावत जिले के लोहाघाट क्षेत्र से गिरफ्तार किया।


वरिष्ठ सहायक है आरोपी

जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी हिमांशु कुमार असल में लोक निर्माण विभाग में अधीक्षण अभियन्ता नहीं, बल्कि वरिष्ठ सहायक (क्लर्क) के पद पर कार्यरत है। वह मूल रूप से पिथौरागढ़ जिले के मुनस्यारी स्थित दरकोट गांव का निवासी है। पुलिस ने विवेचना के दौरान मामले में धारा 336(3), 338 और 340(2) बीएनएस का भी इजाफा किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

टीम में रहे शामिल

इस गिरफ्तारी में प्रभारी चौकी बेस (कोतवाली अल्मोड़ा) उप-निरीक्षक मनोज कुमार के नेतृत्व में आरक्षी सुंदर लाल बाराकोटी और आरक्षी सूरज कुमार शामिल रहे।

Exit mobile version