Site icon Khabribox

अल्मोड़ा: पुलिस स्मृति दिवस: पुलिस ने वीर शहीदों को दी भावभीनी श्रद्धांजलि, 164 अमर बलिदानियों को किया याद

​अल्मोड़ा: कर्तव्य पथ पर अपने प्राण न्यौछावर करने वाले अमर बलिदानी वीरों की स्मृति में आज बुधवार को अल्मोड़ा पुलिस लाइन स्थित शहीद स्मारक पर ‘पुलिस स्मृति दिवस’ अत्यंत श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया।

समारोह का आयोजन

इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा चंद्रशेखर घोडके ने पुलिस बल के साथ शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर देश के वीर शहीदों को नमन किया। श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान एसएसपी ने बताया कि विगत एक वर्ष के भीतर देशभर में कर्तव्य पालन के दौरान पुलिस एवं अर्द्धसैनिक बलों के कुल 164 अधिकारी व कर्मचारी शहीद हुए हैं, जिनमें उत्तराखंड पुलिस के उपनिरीक्षक स्व. श्री विनोद कुमार भी शामिल हैं। एसएसपी ने शहीद विनोद कुमार के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और देशसेवा के प्रति समर्पण को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी।

​2 मिनट का रखा मौन

​समारोह के दौरान शहीदों की पावन स्मृति में 2 मिनट का मौन रखा गया। एसएसपी चंद्रशेखर घोडके ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए पुलिस स्मृति दिवस के ऐतिहासिक महत्व और इसके पीछे की गौरवगाथा से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि हिम शैल शिखर जैसे अटल प्रहरी बनकर देश और समाज की रक्षा में अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर हमेशा अमर रहेंगे। पुलिस लाइन अल्मोड़ा के अलावा जनपद के समस्त थानों, चौकियों और फायर स्टेशनों में भी पुलिस स्मृति दिवस पर श्रद्धांजलि कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जहाँ पुलिसकर्मियों ने अमर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

​रहे उपस्थित

इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी (CO) अल्मोड़ा बलवन्त सिंह रावत, मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) नरेन्द्र सिंह कुंवर, क्षेत्राधिकारी (संचार) राजीव कुमार टम्टा सहित जिले के अनेक पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
​

Exit mobile version