Site icon Khabribox

अल्मोड़ा: VVIP भ्रमण को लेकर पुलिस अलर्ट मोड पर, एसएसपी खुद ग्राउंड जीरो पर संभाल रहे मोर्चा

अल्मोड़ा: जनपद में प्रस्तावित वीवीआईपी कार्यक्रम को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए अल्मोड़ा पुलिस द्वारा व्यापक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा के निर्देशन में सुरक्षा से जुड़ी सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं तथा कार्यक्रम स्थल एवं सम्पूर्ण वीवीआईपी रूट पर बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है।

पुलिस अलर्ट मोड पर

एसएसपी चंद्रशेखर घोडके स्वयं ग्राउंड जीरो पर उपस्थित रहकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का लगातार निरीक्षण कर रहे हैं तथा अधीनस्थ अधिकारियों एवं पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान कर रहे हैं। सुरक्षा प्रबंधन के प्रत्येक पहलू पर वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा सतत निगरानी रखी जा रही है। वीवीआईपी कार्यक्रम के दृष्टिगत जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों में पुलिस द्वारा दिन-रात सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। जनपद की सीमावर्ती चेकपोस्टों, प्रमुख मार्गों तथा आंतरिक संपर्क मार्गों पर बाहरी राज्यों से आने वाले वाहनों एवं व्यक्तियों की गहन जांच की जा रही है। चेकिंग के दौरान संदिग्ध प्रतीत होने वाले व्यक्तियों के संबंध में आवश्यक पूछताछ एवं सत्यापन की कार्रवाई भी सुनिश्चित की जा रही है। इसके अतिरिक्त जनपदभर में वृहद स्तर पर सत्यापन अभियान संचालित किया जा रहा है। होटल, गेस्ट हाउस, धर्मशाला एवं अन्य आवासीय प्रतिष्ठानों की नियमित जांच कर वहां ठहरे बाहरी व्यक्तियों की जानकारी प्राप्त करते हुए उनका सत्यापन कराया जा रहा है। सुरक्षा की दृष्टि से किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। कार्यक्रम स्थल एवं उसके आसपास के क्षेत्रों में गठित पुलिस टीमों द्वारा लगातार कॉम्बिंग एवं सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों एवं पुलिस इकाइयों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया गया है।
अल्मोड़ा पुलिस जनपदवासियों से अपील करती है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु अथवा गतिविधि की सूचना तत्काल निकटतम पुलिस इकाई को दें तथा सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।

Exit mobile version