अल्मोड़ा: थानाध्यक्ष लमगड़ा, प्रमोद पाठक ने आज थाना परिसर में ग्राम प्रहरियों, होमगार्ड और पीआरडी जवानों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की।
बैठक का आयोजन
इस दौरान उन्होंने कानून-व्यवस्था, जनसुरक्षा और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। बैठक का मुख्य उद्देश्य समाज में फैली कुरीतियों और अपराधों के प्रति ग्रामीणों को जागरूक करना था। थानाध्यक्ष ने सभी जवानों से अपने-अपने क्षेत्रों में नशा मुक्ति अभियान को प्रभावी बनाने का आह्वान किया। उन्होंने ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और नशा तस्करों की सूचना तुरंत पुलिस को देने के निर्देश दिए। इसके साथ ही, आम जनता को ‘मानस हेल्पलाइन 1933’ की जानकारी दी गई। इसके अलावा, जवानों को साइबर सुरक्षा, महिला एवं बाल सुरक्षा, नए कानूनों और यातायात नियमों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई, ताकि वे इन महत्वपूर्ण विषयों को आम जनता तक पहुँचा सकें।
किया सम्मानित
इस अवसर पर थानाध्यक्ष ने कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देने वाले जवानों को पुरस्कृत भी किया। 29 जून 2026 को बलिया-बैगनिया रोड पर हुई कार दुर्घटना के दौरान अपनी ड्यूटी के बाद भी रेस्क्यू ऑपरेशन में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए पीआरडी जवान केवल सिंह और होमगार्ड हीरा गिरी को नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। ग्राम तोली के प्रहरी हीरा सिंह को उनके क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों की समय पर सूचना देने और विवादों को कुशलतापूर्वक निपटाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।