Site icon Khabribox

अल्मोड़ा: पुलिस की अनूठी पहल ‘ऑपरेशन भल छौ’: घर-घर जाकर बुजुर्गों का हाल-चाल जान रही पुलिस, हरसंभव मदद का भी भरोसा

​अल्मोड़ा: अल्मोड़ा जिले में वरिष्ठ नागरिकों और अकेले रहने वाले बुजुर्गों की सुरक्षा और उनकी सुधि लेने के लिए पुलिस ने एक संवेदनशील पहल शुरू की है।

पुलिस का जताया आभार

जिस पर एसएसपी चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर जिले के विभिन्न थानों द्वारा ‘ऑपरेशन भल छौ’ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में हाल ही में कोतवाली अल्मोड़ा, रानीखेत और लमगड़ा थाना पुलिस ने अपने-अपने क्षेत्रों में एकल बुजुर्गों और वरिष्ठ नागरिकों के घर पहुंचकर उनका हाल-चाल जाना। अल्मोड़ा और रानीखेत कोतवाली तथा लमगड़ा थाना पुलिस की टीमों ने बुजुर्गों से मुलाकात की। पुलिस कर्मियों ने बुजुर्गों की कुशलक्षेम पूछते हुए उनके स्वास्थ्य और अन्य दैनिक समस्याओं की जानकारी ली तथा उन्हें हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।

​साइबर फ्रॉड के प्रति किया जागरूक

पुलिस टीमों ने बुजुर्गों को सुरक्षा के लिहाज से कई महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। उन्हें बीट अधिकारियों, थाना प्रभारियों और आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112 की जानकारी दी गई। इसके साथ ही आजकल तेजी से बढ़ रहे साइबर फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट के खतरों और अनजान व्यक्तियों से सतर्क रहने के संबंध में जागरूक किया गया। बुजुर्गों को साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 और आपदा हेल्पलाइन नंबर 1070 सहित अन्य उपयोगी नंबरों की जानकारी दी।

Exit mobile version