Site icon Khabribox

अल्मोड़ा: डाक सेवा ही है जन सेवा, इस मूल मंत्र के साथ ग्रामीण क्षेत्रों को बनाएं सशक्त- मुख्य पोस्टमास्टर जनरल

अल्मोड़ा: अल्मोड़ा में अधीक्षक डाकघर अल्मोड़ा मण्डल जे0एस0 बोरा ने बताया कि उत्तराखण्ड की मुख्य पोस्टमास्टर जनरल शशि शालिनी कुजूर ने 21 मई को अल्मोड़ा प्रधान डाकघर के निकटवर्ती शाखा डाकघरों के शाखा डाकपालों के साथ एक संवादात्मक बैठक की।

दी यह जानकारी

इस अवसर पर उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय एवं सामाजिक समावेशन को सुदृढ़ बनाने में डाकघरों की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला तथा कहा कि डाकघर ग्रामीण जनता तक सरकारी एवं वित्तीय सेवाएं पहुॅचाने का सशक्त माध्यम है। बैठक के दौरान मुख्य पोस्टमास्टर जनरल ने शाखा डाकघरों के कार्यों एवं प्रदर्शन की समीक्षा की तथा लक्ष्य प्राप्ति, सेवा गुणवत्ता में सुधार एवं डाकघरों के सुचारु संचालन के सम्बन्ध में आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। उन्होंने शाखा डाकपालों से जनहितकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा ग्राहकों को बेहतर सेवाएँ उपलब्ध कराने हेतु सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वाहन किया। उन्होंने विभाग के मूल मंत्र ‘‘डाक सेवा, जन सेवा‘‘ को व्यवहार में उतारने पर विशेष बल देते हुए कहा कि प्रत्येक डाक कर्मचारी को जनसेवा की भावना के साथ कार्य करना चाहिए, ताकि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के नागरिकों को समयबद्ध, विश्वसनीय एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएँ प्राप्त हो सकें।

रहें उपस्थित

बैठक में शाखा डाकपालों द्वारा क्षेत्रीय चुनौतियों एवं सुझावों को भी साझा किया गया, जिन पर मुख्य पोस्टमास्टर जनरल ने सकारात्मक चर्चा करते हुए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया। इस संवाद से ग्रामीण डाक सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। सहायक अधीक्षक डाकघर (भ्रमण) सुमित कुमार सिंह फर्त्याल, डाक निरीक्षक सी0 पी0 थपलियाल, डाक निरीक्षक आयुष पाण्डेय, डाक निरीक्षक देव सिंह पांगती एवं अन्य डाक कर्मचारी भी उपस्थित रहें।

Exit mobile version